अनुभव प्रमाणपत्र जांच में लापरवाही: नगर आयुक्त ने बाबू किया निलंबित, अवर अभियंता को नोटिस

Press Release उत्तर प्रदेश

एम एन टी कार्य टेंडर की जांच तेज, फर्म के दस्तावेज सत्यापन को फर्रूखाबाद जिला पंचायत भेजे गये

आगरा। नगर निगम में एमएनटी निर्माण कार्य के लिए जारी किए गए टेंडर में लगाए गए अनुभव प्रमाणपत्र की जांच में लापरवाही बरतना एक कर्मचारी को भारी पड़ गया। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने संबंधित पटल पर तैनात बाबू हरी ओम को निलंबित कर दिया है। वहीं मामले में लापरवाही के लिए अवर अभियंता ललित कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। फर्म को भी नोटिस जारी कर दो दिन में जबाव मांगा गया है।
नगर निगम द्वारा फर्म के अनुभव प्रमाणपत्र की सत्यता को परखने के लिए दस्तावेजों को जिला पंचायत फर्रूखाबाद भेजा गया है। सत्यापन रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद फर्म के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अधिशासी अभियंता अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि नगर निगम ने एमएनटी कार्य के लिए टेंडर जारी किया था, जिसमें आगरा की फर्म ए के कंस्ट्रक्शन ने भाग लिया और उसे कार्य आवंटित किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस संबंध में आईजीआरएस के माध्यम से शिकायत मिलने के बाद जांच की जा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि ठेका हथियाने जैसे आरोप तथ्यहीन हैं, क्योंकि अभी तक ठेकेदार को वर्क ऑर्डर जारी ही नहीं किया गया है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच नगर निगम प्रशासन द्वारा जारी है और सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा। नगर आयुक्त ने कहा है कि टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विभागीय जिम्मेदारी तय की जाएगी और भविष्य में ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *