हाथरस रोड पर वायु प्रदूषण फैलाने वालों पर निगम का शिकंजा, चेतावनी के बाद भाड़ हटाया
आगरा। शहर में लगातार बढ़ रहे वायु प्रदूषण को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में शनिवार को फाउंड्री नगर, हाथरस रोड पर सड़क किनारे तिरपाल लगाकर चना, मटर और मूंगफली भूनने के लिए बनाए गए एक अवैध भाड़ को प्रवर्तन दल ने ध्वस्त करा दिया।
स्थानीय निवासियों ने नगर निगम प्रशासन को शिकायत दी थी कि इस भाड़ में अनाज भूनने के लिए चमड़े की कतरन जलायी जा रही है, जिससे क्षेत्र में तेज दुर्गंध और वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ रहा है। न सिर्फ धुआँ और बदबू लोगों को परेशान कर रही थी, बल्कि आसपास गंदगी भी फैल रही थी।
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए नगर आयुक्त के निर्देश पर प्रवर्तन दल मौके पर पहुँचा। जांच में आरोप सही पाए जाने पर निगम टीम ने भाड़ को तुरंत ध्वस्त करा दिया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में दोबारा ऐसी गतिविधि पाई गई, जिससे वायु प्रदूषण या गंदगी फैलती हो, तो समस्त सामग्री जब्त कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।


