आगरा। कमलानगर निवासी 85 वर्षीय कन्हैयालाल अग्रवाल के निधन के बाद किया गया नेत्रदान दो अंधकार में जी रहे लोगों की जिंदगी में नई रोशनी लेकर आया है। जीवनकाल में नेत्रदान का संकल्प लेने वाले कन्हैयालाल की अंतिम इच्छा का सम्मान करते हुए परिवार ने तुरंत नेत्रदान प्रक्रिया पूरी कराने की पहल की।
रविवार को उनके निधन की सूचना मिलते ही परिजनों ने हेल्प आगरा टीम से संपर्क किया। जानकारी मिलते ही एसएन मेडिकल कॉलेज के नेत्र विभाग में विभागाध्यक्ष डॉ. स्निग्धा सेन और नेत्र बैंक इंचार्ज डॉ. शेफाली मजूमदार के निर्देशन में चिकित्सकों की टीम मौके पर पहुँची। ग्रीफ काउंसलर दीपक शर्मा के सहयोग से पूरी प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई।
हेल्प आगरा के महामंत्री गौतम सेठ, नेत्रदान प्रभारी प्रतीक जैन और मीडिया प्रभारी नंदकिशोर गोयल ने परिवार की मानव सेवा भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि नेत्रदान ऐसा पुण्य कार्य है, जो दो लोगों की जिंदगी में प्रकाश भर सकता है। समाज में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है ताकि अधिक से अधिक लोग इस महान कार्य से जुड़ें।
नेत्रदान की प्रक्रिया और जानकारी के लिए हेल्प आगरा ने 9310111000 पर संपर्क करने की अपील की है।
