घर की सफाई में निकले कूड़े को जलाना पड़ा भारी, नगर निगम ने ठोका जुर्माना

Press Release उत्तर प्रदेश

शहर में लागू ‘गैप सिस्टम’ का सख्ती से पालन, वायु प्रदूषण पर अब तुरंत होगी कार्रवाई

आगरा। वायु प्रदूषण रोकने के लिए नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई की गई। शास्त्री नगर ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में घर की सफाई के दौरान निकले कूड़े को खुले में जलाना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। घर के सामने ही उठते घने धुएं से आसपास के क्षेत्र में प्रदूषण फैलने लगा। सूचना मिलते ही नगर निगम का प्रवर्तन दल मौके पर पहुंच गया।

जानकारी के अनुसार, दिलीप सिंह, मैसर्स डयूजोन, शास्त्री नगर ट्रांसपोर्ट नगर में स्थित अपने पुराने और बंद पड़े मकान की सफाई करा रहे थे। सफाई में निकले कूड़े-कचरे को उन्होंने घर के ठीक सामने ही जलाना शुरू कर दिया, जिससे आसपास के क्षेत्र में प्रदूषण फैल गया और स्थानीय लोगों को परेशानी होने लगी।

इसी बीच मामले की सूचना क्षेत्रीय एसएफआई संजीव यादव को मिली। वह तुरंत मौके पर पहुंचे और कूड़ा जलाने की वजह से हो रहे वायु प्रदूषण का संज्ञान लिया। उन्होंने एनजीटी के नियमों का हवाला देते हुए दिलीप सिंह पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाने का नोटिस जारी कर दिया। बाद में जुर्माना राशि नगर निगम कोष में जमा करा दी गई।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, शहर में वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए ग्रैप लागू है, जिसके तहत प्रदूषण फैलाने वाले किसी भी कार्य पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है। कूड़ा जलाना एनजीटी के नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है, इसलिए इस पर सख्ती की जा रही है।

—नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल का वर्ज़न

शहर में वायु प्रदूषण नियंत्रण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। कूड़ा जलाना पूरी तरह प्रतिबंधित है और इसके खिलाफ ‘गैप सिस्टम’ के तहत तुरंत कार्रवाई की जा रही है। हमने सभी एसएफआई को निर्देश दिए हैं कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *