
आगरा। प्रतिबंधित पॉलिथीन के खिलाफ चल रहे संयुक्त अभियान के तहत राज्य कर विभाग की सचल दल सप्तम इकाई ने बड़ी सफलता हासिल की है। विभाग ने नियमित चेकिंग के दौरान वाहन संख्या RJ14GK0509 को रोका। भौतिक सत्यापन में ट्रक में अन्य सामान के साथ भारी मात्रा में प्रतिबंधित पॉलिथीन कैरी बैग लदे मिले।
जांच में 100 नग करीब 3000 किलो तथा 62 नग 1500 किलो अलग-अलग कुल 162 नग पॉलिथीन कैरी बैग मिले, जिनका कुल वजन 4500 किलो है। इस संबंध में जानकारी देते प्रभारी अतिक्रमण डॉक्टर अजय कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया ये पॉलिथीन कैरी बैग प्रतिबंधित श्रेणी के हैं, जो अवैध रूप से अन्य प्रदेशों को ले जाये जा रहे थे। जयपुर हाउस क्षेत्र में कार्रवाई के उपरांत पकड़ी गई पालीथिन नगर निगम के हवाले कर दी गई है जिसे अनुबंधित फर्म को 20.50 रुपये प्रति किलो के हिसाब से लेकर नष्ट कराया जाएगा।
इस कार्रवाई से शहर में अवैध पॉलिथीन सप्लाई और परिवहन से जुड़े लोगों में खलबली मची हुई है।


