सड़क पर खोलीं कबाड़ की दुकानें ,नगर निगम ने ठोका हजारों का जुर्माना

Press Release उत्तर प्रदेश

विभव नगर के लच्छीपुरा रोड से बीस नवंबर तक दुकानें हटाने के निर्देश, फतेहाबाद रोड तक चला सफाई और अतिक्रमण हटाओ अभियान

आगरा। शहर में स्वच्छता और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम प्रशासन ने गुरुवार को विभव नगर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। लच्छीपुरा रोड पर सड़क किनारे टिन शेड लगाकर कबाड़ की दुकानें खोलने वालों पर निगम ने सख्ती दिखाई। दुकानदारों द्वारा सड़क पर कबाड़ फैलाने और गंदगी करने की शिकायत के बाद मौके पर पहुंचे निगम अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए हजारों रुपये का जुर्माना ठोका।

जानकारी के अनुसार विजय और हरी सिंह नामक व्यक्तियों ने सड़क किनारे टिन शेड लगाकर कबाड़ की दुकानें खोल रखी थीं। आसपास के लोगों ने शिकायत की थी कि दुकानों के बाहर फैला कबाड़ न केवल आवागमन में बाधा डाल रहा है, बल्कि आसपास गंदगी और बदबू का कारण भी बन रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त के निर्देश पर जोनल अधिकारी गजेंद्र सिंह के नेतृत्व में प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों दुकानदारों पर कार्रवाई की। निगम प्रशासन ने दुकानदारों को 20 नवंबर तक दुकानें स्वयं हटाने की चेतावनी दी है। निर्धारित समय सीमा के बाद भी अतिक्रमण न हटाने पर दुकानें ध्वस्त करने की चेतावनी दी गई है।
इसी क्रम में नगर निगम की प्रवर्तन टीम ने पुरानी मंडी चौराहे से लेकर फतेहाबाद रोड तक सड़क किनारे गंदगी और अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों पर भी कार्रवाई की। इस दौरान सड़क पर रखे ठेले, काउंटर और अवैध निर्माण हटाए गए। जोनल अधिकारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि सड़क पर अतिक्रमण और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा। शहर को स्वच्छ और सुगम बनाने के लिए किसी को भी सार्वजनिक मार्ग पर कब्जा करने या गंदगी फैलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *