Agra News: निकाह का झांसा देकर युवती का शोषण, पीड़िता ने खाया विषाक्त पदार्थ, परिजनों का पुलिस पर लापरवाही का आरोप

Crime

आगरा। थाना सदर क्षेत्र के शहीद नगर में एक युवती के साथ निकाह का झांसा देकर शारीरिक शोषण का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती के रिश्ते का भाई बताने वाला युवक करीब पांच माह तक निकाह का वादा करता रहा और इसी भरोसे में उसने युवती का शोषण किया। लेकिन जब आरोपी की दूसरी जगह शादी तय हो गई, तो उसने पीड़िता को छोड़ दिया।

पीड़िता ने 25 अक्टूबर को थाना सदर में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन परिवार का आरोप है कि लगातार थाने के चक्कर लगाने के बावजूद पुलिस ने सिर्फ कार्रवाई का आश्वासन दिया, मगर आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई। इसी बीच 10 नवंबर को आरोपी युवक का निकाह एक मैरिज होम में होने की बात सामने आई। यह जानकारी मिलते ही पीड़िता मानसिक रूप से टूट गई और निराशा में उसने विषाक्त पदार्थ पी लिया।

गंभीर हालत में उसे उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। परिवार ने पुलिस पर देरी और लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई होती तो यह स्थिति पैदा नहीं होती।

फिलहाल पुलिस ने मामले की दोबारा जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है। यह घटना न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है बल्कि महिलाओं की सुरक्षा और न्याय व्यवस्था की संवेदनशीलता पर भी बड़ा प्रश्नचिह्न लगा देती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *