
संस्कृति यूथ फाउंडेशन और नगर निगम ने मिलकर चलाया सफाई अभियान, कालिंदी घाट पर दिया स्वच्छता का संदेश
आगरा। नगर निगम द्वारा स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हाथी घाट पर प्लॉगिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान में संस्कृति यूथ फाउंडेशन के युवाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। सुबह 8 बजे से शुरू हुए इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने घाट और उसके आसपास फैले कचरे को इकट्ठा कर स्वच्छता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान 30 प्रतिभागियों, जिनमें नगर निगम की ए.एन.एन. आईईसी टीम और संस्कृति यूथ फाउंडेशन के सदस्य शामिल हुए जिन्होंने करीब 300 किलोग्राम कचरा एकत्र किया। इसमें प्लास्टिक, पॉलिथिन, फूल-माला, मूर्तियों के अवशेष और अन्य ठोस अपशिष्ट शामिल रहे। एकत्रित कचरे को बाद में नगर निगम के वाहनों द्वारा निस्तारण केन्द्र को भेजा गया जहां वैज्ञानिक तरीके से कचरे को निस्तारित किया गया।
सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि नगर निगम द्वारा समय-समय पर इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं ताकि आम नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैले और धार्मिक स्थलों पर मूर्ति विसर्जन के बाद स्वच्छ वातावरण बनाए रखा जा सके। उन्होंने कहा कि हाथी घाट जैसे धार्मिक स्थलों की सफाई सिर्फ प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। संस्कृति यूथ फाउंडेशन जैसे संगठनों की भागीदारी प्रेरणादायक है।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने स्वच्छ घाट – सुंदर आगरा का संदेश देते हुए लोगों से अपील की कि पूजा-पाठ के बाद कचरा और मूर्ति अवशेष जल स्रोतों में न डालें। नगर निगम प्रशासन के अनुसार आने वाले दिनों में ऐसे और भी प्लॉगिंग अभियान शहर के अन्य घाटों और सार्वजनिक स्थलों पर चलाए जाएंगे।


