शहर की फिजाओं में गूंजा देशभक्ति का स्वर, तीन दर्जन से अधिक चौराहों पर बजा राष्ट्रगीत

Press Release उत्तर प्रदेश

 स्वतंत्रता संग्राम की भावना से सराबोर हुई ताजनगरी,नगर निगम ने अनूठे तरीके से किया वंदे मातरम् को नमन

आगरा। स्वतंत्रता की भावना और देशभक्ति के जज़्बे को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को नगर निगम प्रशासन ने वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर एक अनूठी पहल की। शहर के तीन दर्जन से अधिक प्रमुख चौराहों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से दिनभर वंदे मातरम् गीत प्रसारित किया गया।

सुबह से शाम तक चले इस कार्यक्रम के दौरान नगर निगम के अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने इस ऐतिहासिक गीत के महत्व पर प्रकाश डाला। देश की आज़ादी की लड़ाई में वंदे मातरम् के अमर नारे ने जन-जन में देशप्रेम का संचार किया था। इसी भावना को जीवित रखने के लिए निगम प्रशासन ने इसे सार्वजनिक स्थलों पर प्रसारित कर लोगों को प्रेरित किया।

नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने बताया कि वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं बल्कि भारत की आत्मा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह पहल नागरिकों को अपने इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम के मूल्यों से जोड़ने का प्रयास है। नागरिकों ने भी इस अभियान का स्वागत करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम युवाओं में देशभक्ति की भावना को प्रबल करेंगे। शहर के हरिपर्वत, संजय प्लेस, शास्त्रीपुरम, सिकंदरा, बल्केश्वर, ताजगंज , रामबाग, जमुना किनारे और फतेहाबाद रोड सहित तमाम अन्य चौराहों पर दिनभर वंदे मातरम् की गूंज सुनाई देती रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *