पुरानी वस्तुएं बनेंगी उपयोगी, जरूरतमंदों तक पहुंचेगा “कचरे में भी काम का संदेश”
आगरा। दीपावली के अवसर पर आगरा नगर निगम ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अनोखी पहल की है। निगम ने आज “दीवाली स्पेशल RRR (रिड्यूस, रीयूज, रीसायकल)” वाहन और ई-वेस्ट कलेक्शन वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को कचरा कम करने, पुराने सामान का पुनः उपयोग करने और ई-वेस्ट के सही निस्तारण के लिए प्रेरित करना है।
सहायक नगरआयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि यह पहल स्वच्छ भारत मिशन और आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के मार्गदर्शन में शुरू की गई है। इन विशेष वाहनों के माध्यम से शहरवासियों को अपने पुराने और पुनः उपयोग योग्य सामान को जिम्मेदारी से निस्तारित करने की सुविधा मिलेगी।
नागरिक इन वाहनों को ऑन-कॉल सेवा के तहत बुला सकते हैं। इसके लिए टोल-फ्री नंबर 9520971801 पर कॉल कर सकते हैं या अपने वार्ड के सैनेटरी फील्ड इंस्पेक्टर (एस एफ आई) से संपर्क कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इन वाहनों के जरिए घर-घर से पुराने खिलौने, किताबें, कपड़े, बर्तन, प्लास्टिक उत्पाद जैसे पुनर्चक्रण योग्य सामान एकत्र किए जाएंगे। बाद में इन्हें नगर निगम के 5R सेंटर में भेजा जाएगा, जहां महिला स्वयं सहायता समूह इन वस्तुओं को रिफर्बिश, रीयूज़ या क्रिएटिव रीशेप करेंगे। इसके बाद तैयार वस्तुएं झुग्गी बस्तियों और जरूरतमंद परिवारों में वितरित की जाएंगी।
कहां कि किसी के लिए पुराना सामान बेकार हो सकता है, लेकिन किसी अन्य के लिए वही बहुत उपयोगी साबित हो सकता है। इस अभियान के माध्यम से हम इस अंतर को पाटने और ‘कचरे से उपयोगी वस्तु’ की सोच को बढ़ावा देने का प्रयास कर रहे हैं।
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने इस संबंध में कहा कि दीपावली स्वच्छता और प्रकाश का पर्व है। हम चाहते हैं कि यह त्योहार सिर्फ घरों में ही नहीं, बल्कि पूरे शहर में स्वच्छता और जिम्मेदारी का संदेश फैलाए। ट्रिपल आर और ई-वेस्ट कलेक्शन वाहनों के माध्यम से हम नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण में भागीदार बना रहे हैं। यह कदम आगरा को ‘सस्टेनेबल सिटी’ की दिशा में आगे बढ़ाने वाला साबित होगा। यह पहल न केवल शहर में कचरा प्रबंधन को नई दिशा देगी, बल्कि दीपावली जैसे त्यौहार को स्वच्छता, पुनर्चक्रण और पर्यावरण जागरूकता से जोड़ने का सुंदर संदेश भी देगी।