Agra News: राष्ट्रीय एथलीट रिंकू सिंह की भरतपुर में हार्ट अटैक से मौत, खेल जगत में शोक

SPORTS

आगरा। खेल जगत के लिए एक दुखद खबर सामने आई है। अछनेरा क्षेत्र के नागर गांव निवासी 18 वर्षीय राष्ट्रीय एथलीट रिंकू सिंह का रविवार सुबह हार्ट अटैक से निधन हो गया।

जानकारी के अनुसार, रिंकू सिंह इन दिनों भरतपुर में रहकर आगामी प्रतियोगिताओं की तैयारी कर रहा था। रविवार सुबह उसे कंपकंपी और बेचैनी महसूस हुई। कुछ देर बाद वह बेहोश हो गया। साथी खिलाड़ी तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

रिंकू के चाचा बॉबी सिंह ने बताया कि रिंकू रोजाना पांच किलोमीटर दौड़ लगाता था और हाल ही में स्टेट चैम्पियनशिप में तीसरा स्थान प्राप्त किया था। वह दिसंबर 2024 में ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता और नेशनल 5000 मीटर रेस में भी भाग ले चुका था।

अचानक हुई इस घटना से गांव और खेल जगत में शोक की लहर है। ग्रामीणों और साथी खिलाड़ियों ने रिंकू को मेहनती और अनुशासित खिलाड़ी बताया। परिवार ने सरकार से खेल प्रतिभाओं के लिए स्वास्थ्य जांच व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *