आगरा जनपद में 331 स्कूल बसों के खिलाफ यातायात पुलिस ने कार्यवाही की
मण्डल आयुक्त, आगरा की अध्यक्षता में हुई मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक
आगरा. 30.09.2025. मण्डलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में आज मंगलवार को मण्डलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। परिवहन विभाग एवं पुलिस विभाग द्वारा हेलमेट, सीटबेल्ट, मोबाइल फोन/ईयर फोन का प्रयोग, गलत दिशा में वाहन चलाना, नशे की हालात में वाहन चलाना, ओवर स्पीडिंग, स्टंटिंग के विरूद्ध की गयी प्रवर्तन कार्यवाही की तुलनात्मक समीक्षा की गयी। अन्य जिलों की अपेक्षा फिरोजाबाद में पुलिस विभाग द्वारा यातायात उल्लंघन की संख्या के सापेक्ष सबसे कम चालान जनित किए गये। ज्यादा से ज्यादा चालान जारी करने एवं परिवहन विभाग द्वारा भी प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही के आयुक्त द्वारा निर्देश दिए गये।
टोल प्लाजा से होकर गुजरने वाले वाहनों के विरूद्ध कार्यवाही को लेकर अवगत कराया गया कि अप्रैल से लेकर अगस्त माह तक मण्डल में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्यवाही कर लगभग 8.60 करोड़ प्रमशन शुल्क वसूला गया है। यमुना एक्सप्रेसवे पर टोल प्लाजा 21 किमी व 27 किमी एंट्री प्वाइंट पर लगी सभी वे इन मोशन (विम) मशीनें खराब हैं, जिनसे समुचित डाटा नहीं मिल रहा है। आयुक्त महोदय द्वारा यूपीडा को निर्देश दिए गये कि सभी टोल प्लाजा पर लगी विम मशीने ठीक हो जाएं, कैमरे लगा दिए जाएं जिनसे फोटो सहित डाटा एकत्रित करने के साथ कार्यवाही सुनिश्चित हो सके।
विभिन्न अपराधों में निलम्बन किए गये लाइसेंस प्रकरणों के बारे में अवगत कराया कि विगत दो माह में परिवहन विभाग द्वारा आगरा में 76, फिरोजाबाद में 50, मैनपुरी में 32 और मथुरा में 201 लाइसेंस निलंबन की कार्यवाही की गयी है जबकि मण्डल में अन्य 424 लाइसेंस निलम्बन हेतु अग्रसारित कार्यवाही की जा रही है। आईटीएमएस स्थापित शहरों आगरा, फिरोजाबाद एवं मथुरा में इलेक्ट्राॅनिक प्रवर्तन युक्तियों द्वारा प्रभावी रूप से कार्यवाही किए जाने तथा ज्यादा से ज्यादा संख्या में चालान जारी करने के निर्देश दिए गये। स्कूल बस के विरुद्ध कार्रवाई की समीक्षा की गयी। विगत पांच माह में यातायात पुलिस द्वारा आगरा जनपद में 331 स्कूल बसों के खिलाफ कार्यवाही की गयी। परिवहन अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि फिटनेस न होने की स्थिति में नोटिस देने व चालान की कार्यवाही के बावजूद सड़कों पर स्कूल बसें दौड़ रही हैं। इस पर मंडलायुक्त ने स्कूल की मान्यता रद्द करने का नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
आगरा संभाग के चारों जनपदों में एम्बुलेंस, ट्राॅमा सेंटर तथा टोल प्लाजाओं पर क्रेन वाहन की स्थिति की समीक्षा की गयी। एम्बुलेंस के रिस्पांस टाइम पर संतोष व्यक्त किया गया लेकिन दुर्घटना स्थल पर क्रेन के देरी से पहुंचने की समस्या से अवगत कराया गया। आयुक्त महोदय ने एनएचएआई, यूपीडा, यमुना एक्सप्रेसवे व अन्य संबधित विभागों को निर्देश दिए कि आवश्यकतानुसार क्रेन वाहनों की संख्या बढ़ाई जाए। क्रेन चालकों के नाम, नंबर और लाइव लोकेशन का पूरा विवरण पुलिस व उपरोक्त सभी संबधित विभागों को उपलब्ध करा दिया जाए। वहीं स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि चारों जिलों में हाइवे और एक्सप्रेसवे के नजदीकी सभी सरकारी अस्पतालों की सूची सभी संबधित विभाग को उपलब्ध करा दी जाए। अस्पतालों में तैयारी, बेड, मानव संशाधन और उपकरण की पर्याप्त उपलब्धता रहे। किसी भी आकस्मिक स्थिति में जरूरतमंद के पास सभी सेवाएं व सुविधाएं समय से पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए।
हिट एंड रन दुर्घटना केस को लेकर निर्देश दिए कि इंश्योरेंस कंपनी के प्रतिनिधि की पुलिस, परिवहन व स्वास्थ्य विभाग के साथ एक बैठक करा इस योजना पर विस्तृत चर्चा की जाए। जिससे हिट एंड रन के मामलों में सबंधित विभाग द्वारा पीड़ितों को मुआवजा दिलाए जाने हेतु उचित कार्यवाही की जा सके। वहीं सभी सरकारी अस्पतालों एवं पोस्टमार्टम हाउस के पास इस योजना से संबंधित बैनर लगवाये जाएं।
मण्डल के चारों जनपदों की सड़क दुर्घटनाओं की अद्यावधिक तुलनात्मक समीक्षा की गयी। विगत वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष आगरा और मथुरा में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में इजाफा हुआ है। समीक्षा के दौरान देखने में आया कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाएं ज्यादा हो रही हैं। आगरा में फतेहाबाद, मलपुरा और खंदौली सबसे खतरनाक दुर्घटना वाले स्पाॅट हैं जबकि मथुरा में जैत, पीएस छाता और हाईवे मथुरा सबसे खतरनाक दुर्घटना वाले स्पाॅट हैं। पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि वे इन स्पाॅट पर दुर्घटनाओं के कारणों का अध्ययन कर रिपोर्ट रखें। वहीं रोहता नहर, ग्वालियर रोड़ गढ्ढा युक्त होने के कारण सबसे ज्यादा दुर्घटनाएं हो रही हैं, इस पर पीडब्लूडी विभाग को सड़क का जीर्णोद्धार व गढ्ढा मुक्त बनाए जाने के निर्देश दिए। मुख्य मार्गों के बीच में आवश्यकतानुसार डिवाइडर बनाने तथा सड़कों पर घूम रहे आवारा गोवंश को नजदीकी बने गौशालाओं में संरक्षित किए जाने के निर्देश दिए।
आईरैड एप पर मण्डल में होने वाली प्रत्येक दुर्घटनाओं की फीडिंग डाटा में प्रदर्षित अन्तर को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। ब्लैक स्पाॅट की समीक्षा में निर्देश दिए गये कि परिवहन, पुलिस विभाग और पीडब्लूडी द्वारा संयुक्त रूप से निरीक्षण कर चारों जनपदों में ब्लैक स्पाॅट चिन्हित कर उसकी सूची शासन में प्रेषित की जाए। सड़कों पर उचित मार्किंग, साइनेज बोर्ड, ब्रेकर, रिफलेक्टर आदि लगाये जाएं। वहीं पूर्व में चिन्हित ब्लैक स्पाॅट पर कार्य पूर्ण होने के बाद संबंधित विभाग द्वारा उसे पोर्टल पर अपडेट किया जाए। एमजी रोड़ पर मैट्रो कार्य के चलते लग रहे जाम को लेकर मैट्रो अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां जहां सड़कें खराब व गढ्ढायुक्त हैं, उन्हें दुरूस्त कराया जाए। कई जगह बैरिकेडिंग ऐसी लगा दी गयी हैं जिससे सड़कें संकरी हो गयी हैं, वहां सही बैरीकेडिंग की जाए जिससे वाहनों को निकलने में समस्या न हो। बैठक में मौजूद मोटर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों द्वारा कैमरे से गलत चालान कटने व इसके त्वरित समाधान न होने की समस्या से अवगत कराया गया। आयुक्त महोदय ने परिवहन विभाग को गलत चालान के सुधार व निस्तारण की सुविधा हेतु व्यवस्था बनाये जाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी श्री अरविन्द मलप्पा बंगारी, डीसीपी ट्रैफिक श्री अभिषेक कुमार अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी प्रोटोकाॅल श्री प्रशान्त तिवारी, आरटीओ श्री अरूण कुमार, पीडब्लूडी मुख्य अभियंता श्री एन के यादव, अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार सहित सीएमओ फिरोजाबाद, यूपीडा, एनएचएआई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


