आगरा नगर निगम द्वारा शहर में रोपे जाएंगे सर्वाधिक पौधे

Press Release उत्तर प्रदेश

नौ जुलाई से शुरू होने वाले वृक्षारोपण कार्यक्रम का मुख्यमंत्री ने जाना हाल
वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिये आगरा नगर निगम व अन्य विभाग के प्रतिनिधियों से ली वृक्षारोपण कार्यक्रमों की जानकारी
महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा द्वारा आगरा का ग्रीन कवर बढ़ाने का मुख्यमंत्री को दिया गया आश्वासन

आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा रविवार को वित्तीय वर्ष 2025 26 में होने वाले वृक्षारोपण कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा व अन्य से संवाद किया गया। महापौर हेमलता दिवाकर ने कुशवाहा ने मुख्यमंत्री को आगरा नगर निगम द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम की तैयारियों से अवगत कराया। महापौर ने बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में जनपद में 5594स्थानों पर 55.08 लाख पौधे लगाए जाएंगे। इस वृक्षारोपण कार्यक्रम मे पूरे प्रदेश में आगरा नगर निगम का लक्ष्य सर्वाधिक है। आगरा नगर निगम द्वारा अभियान के दौरान 78 स्थानों पर 2.74 लाख पौधे रोपे जाएंगे।
इस वर्ष फलदार एवं छायादार वृक्ष 80:20 के अनुपात में लगाए जाएंगे। महापौर ने जानकारी देते हुए बताया कि आगरा नगर निगम द्वारा 15 थीम पार्क विकसित किए जा रहे हैं जो कि ऑक्सी वन, नक्षत्र पार्क, हर्बल पार्क आदि होंगे। हमारे कुबेरपुर लैंडफिल साइट पर लगभग 15 एकड़ जमीन का उपचार वृक्षारोपण करके कराया गया है। आगरा शहर में एक से 7 जुलाई तक संस्थागत प्रसव के तहत जन्मे नवजात शिशुओं को ग्रीन गोल्ड सर्टिफिकेट, एक स्वस्थ पौधे के साथ दिया जा रहा है। पिछले वर्षों के सफल वृक्षारोपण के परिणामस्वरूप आगरा नगर निगम स्वच्छ वायु सर्वेक्षण रैंकिंग में लगातार दो वर्षों से तीसरे स्थान पर रहा है।
बताया कि 9 जुलाई से आगरा नगर निगम द्वारा नगर आयुक्त अंकित खण्डेलवाल के निर्देशन में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ कार्यक्रम का शुभारंभ सेक्टर नौ स्थित ऑक्सीवन पार्क से शुरू किया जाएगा। इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में स्कूली बच्चों के साथ ही स्वयं सेवी संस्थाओं के वालंटियर एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा वृक्षारोपण किया जाएगा। इसके अलावा शहर के आम जन को दो पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री को जानकारी देते हुए महापौर ने कहा कि आगरा नगर निगम द्वारा शत प्रतिशत पेड़ों की सुरक्षा की तैयारी को पूर्ण कर लिया गया है। बाउंड्री वॉल, तार फेंसिंग, ट्री गार्ड के माध्यम से पौधों की सुरक्षा की जाएगी। मेन रोड एवं डिवाइडर पर उन पौधों को लगाया जाएगा, जिन्हें जानवर न खाएं तथा जिनको कम पानी की जरूरत हो। आगरा में वृक्षारोपण सस्टेनेबल पद्धति से किया जा रहा है जिसमें कचरे से बनी खाद का प्रयोग किया जा रहा है। एसटीपी के पानी से सिंचाई की जा रही है। मियावाकी तकनीक से पौधरोपण किया जा रहा है। इस प्रकार आगरा नगर निगम की सर्वोत्तम पहल एवं तैयारियों के माध्यम से आगरा शहर का ग्रीन कवर बढ़ाने की ओर अग्रसर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *