नए भारत के निर्माण में सबकी भागीदारी आवश्यक, विकसित भारत संकल्प सभा में सांसद चाहर ने गिनाई मोदी सरकार की उपलब्धियां

State's

आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने बीते 11 वर्षों में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के मंत्र पर चलते हुए वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। यह बात फतेहपुर सीकरी से सांसद एवं भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर ने शनिवार को मलपुरा स्थित एसएस एजुकेशन इंस्टीट्यूट में आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा में कही।

कार्यक्रम का आयोजन सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 वर्ष पूर्ण होने पर अकोला मंडल द्वारा किया गया था। सभा में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

सांसद चाहर ने कहा कि मोदी सरकार ने देश को आर्थिक, सामरिक और सामाजिक रूप से इतना सशक्त बना दिया है कि जिस ब्रिटेन की कभी भारत गुलामी करता था, आज वही ब्रिटेन भारत से पीछे खड़ा है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत ढांचे में जो परिवर्तन आए हैं, वह बीते 11 वर्षों के सेवा भाव का परिणाम हैं। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास अब केवल नारा नहीं, देश की पहचान है।

राजकुमार चाहर ने केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि हम सभी का साझा संकल्प है कि एक आत्मनिर्भर, सुरक्षित और विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।

सभा के समापन पर अहमदाबाद विमान दुर्घटना में दिवंगत नागरिकों को श्रद्धांजलि देते हुए दो मिनट का मौन रखा गया। सभा की अध्यक्षता मेघराज सोलंकी ने की तथा संचालन अरुणकांत लवानिया ने किया।

कार्यक्रम में पूर्व ब्लॉक प्रमुख यशपाल राणा, ब्लॉक प्रमुख राजू प्रधान, मंडल अध्यक्ष अजय चाहर, अशोक चाहर, संयोजक अजय चौधरी, प्रधान हिम्मत सिंह, अजीत सिंह, डॉ. गंभीर सिंह, मुकेश चाहर, सचिन गोयल, धर्मेंद्र उपाध्याय आदि की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *