आगरा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर एक पेड़ मां के नाम मुहीम के तहत नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों पर पांच हजार पौधों को लगाया गया। महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने वार्ड 81 कैलाशपुरी के नवनिर्मित पार्क में पौध रोपण किया तो वहीं नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने बल्केश्वर स्थित शिवाजी पार्क में पौध रोपण किया। इस दौरान सभी ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी ली। इन दोनों पार्कों में अन्य लोगों ने भी सौ-सौ पौधे रोपित किये।
इस संबंध में जानकारी देते हुए अपर नगर आयुक्त सत्येंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस को लेकर नगर द्वारा पूर्व से ही गड्ढे आदि खोदकर तैयारी कर ली गई थी। सभी जोनल अधिकारियों के माध्यम से जनप्रतिनिधियों, पार्षदों आदि को तीन हजार पौधे रोपित करने के लिए उपलब्ध करा दिये गये थे। इसके अलावा लगभग पांच सौ पौधे नगर निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा विभिन्न स्थानों पर रोपित किये गये। नगर निगम द्वारा पौध रोपण में स्थानीय एनजीओ का भी सहयोग लिया गया। स्वयं सेवी संस्था प्रयास फाउंडेशन, पहल और जनहित सामाजिक सेवा के माध्यम से दो हजार पौधे रोपित कराये गये। पौध रोपण के लिए लोक प्रजाति के पौधे जैसे अशोक, गुलमोहर, आम, जामुन, कटहल अमरुद के अलावा बोगनविलिया कनेर आदि के पौधों को प्राथमिकता प्रदान की गई। जिन पार्कों में पौध रोपण किया गया है वहां पर पार्क समिति को पौधों की देखरेख का जिम्मा दिया गया है जबकि चौड़े डिवायडर, सार्वजनिक स्थलों पर लगाये गये पौधों की देखभाल स्वयं नगर निगम करेगा। कैलाशपुरी पार्क में पौध रोपण के दौरान मेयर के साथ पार्षद अमित पटेल,शरद चौहान ओैर विक्रांत के अलावा नगर निगम के अपर नगर आयुक्त सत्येंद्र कुमार तिवारी, उप नगर आयुक्त डा. सरिता सिंह व सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम और क्षेत्रीय एसएफआई राघवेद्र यादव आदि भी उपस्थित रहे।
