आगरा, 19 जुलाई। उफनती यमुना का जलस्तर दो दिन डराने के बाद अब घटने लगा है। बुधवार को यमुना के जलस्तर में गिरावट दर्ज की गई है। सुबह 9 बजे यमुना का जलस्तर मिड फ्लड लेवल से हल्का नीचे आ गया है। मंगलवार की रात यह 499.3 फीट तक पहुंच गया था, जो आज सुबह घटकर 498.7 फीट पर आ गया। जबकि बधवार रात 9 बजे यमुना का जल स्तर घटकर498.2 रह गया है। हालांकि यमुना का पानी अभी भी गांव और यमुना के निचले इलाकों में भरा हुआ है। लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिले में यमुना खतरे के निशान से ऊपर निकल गई थी। यमुना किनारे बसे कैलाश गांव, नगला बिहारी, सहित करीब 21 गांव में पानी भर गया था। कई लोग बाढ़ में फंस गए थे, जिन्हें एनडीआरएफ के जवानों ने सुरक्षित निकाला।
पानी धीरे-धीरे घट रहा है। प्रशासन द्वारा जारी आंकड़े के अनुसार यमुना का जलस्तर कम हो गया है। मथुरा के गोकुल बैराज से पानी के डिस्चार्ज भी घट रहा है। ऐसे में आने वाले समय में यमुना के जलस्तर में और कमी आ सकती है।लेकिन, जलस्तर में गिरावट के बाद भी खतरा बरकरार है। प्रशासन की टीम अलर्ट है। यमुना का जलस्तर अभी भी मीडियम फ्लड लेवल के पास है। जब तक यमुना लो फ्लड लेवल से नीचे नहीं पहुंचेगी तब तक पूरी तरह से खतरा कम नहीं होगा। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें घाटों पर तैनात हैं। नगला बिहारी में गलियों में यमुना का पानी भर गया है। लोग घरों में कैद है। लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गौरतलब है कि यमुना के उफान में फाउंड्री नगर स्थित कबीर घाट पर एक व्यक्ति बह गया था।