आगरा, 27 फरवरी। लक्ष्य के अनुरुप गृहकर वसूली न करने पर अपर नगर आयुक्त ने 19 राजस्व कर्मियों को नोटिस जारी कर तीन दिन में स्पष्टीकरण देने के आदेश दिये हैं। जिन लोंगों को नोटिस जारी किये गये हैं उनमें कर संग्रहकर्ता और राजस्व निरीक्षक हैं।
सौ करोड़ के राजस्व लक्ष्य को पूरा करने के लिए नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल के द्वारा बकायेदारों पर सख्ती बरतने के निर्देश दिये गय हैं। पचास हजार और एक लाख से अधिक के बकायेदारों के अलग अलग सूची बनाकर वसूली करने के निर्देश दिये गये हैं। सभी राजस्व कर्मियों को इसके लिए साठ प्रतिशत वसूली का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विगत दिवस हुई समीक्षा बैठक में कई राजस्व निरीक्षक और कर संग्रहकर्ताओं की वसूली लक्ष्य के अनुरुप नहीं पाई गयी। इस पर नाराजगी जताते हुए अपर नगर आयुक्त सत्येंद्र तिवारी ने नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब दाखिल करने के आदेश दिये हैं। नियत अवधि में नोटिस का जवाब न देने पर संबंधित राजस्व कर्मी के विरुद्ध कार्रवाई के लिए शासन को लिखने की चेतावनी भी दी गई है।
ताजगंज जोन में कर संग्रहकर्ता वीरेंद्र चंदेल और सलीम के अलावा राजस्व निरीक्षक आकाश और संदीप को जबकि छत्ता जोन में तीन कर संग्रहकर्ताओं क्रमशः विक्रम, सराफत,सपन और राजस्व निरीक्षक अनामिका को नोटिस जारी किया गया है। हरिपर्वत जोन में पांच राजस्व कर्मियों को नोटिस जारी किये गये हैं। इनमें राजस्व निरीक्षक संदीप मौर्या,राजस्व निरीक्षक प्रदीप भास्कर, राजस्व निरीक्षक नितिन, राजस्व निरीक्षक किरन और कर संग्रहकर्ता धर्मेंद्र शर्मा ने लक्ष्य के अनरुप वसूली नहीं की है।
—लोहामंडी जोन में सर्वाधिक नोटिस—
राजस्व वसूली के मामले में 17 फरवरी तक सबसे कम वसूली हो पाई है। इस जोन में सर्वाधिक आधा दर्जन लोगों को नोटिस जारी किये गये हैं। यहां पर तीन राजस्व निरीक्षक क्रमशः शमशेर,किशोरी और अभिषेक के अलावा कर संग्रहकर्ता शैलेंद्र राठौर, संजय, और राजकुमार को साठ प्रतिशत से कम वसूली करने पर नोटिस जारी किये गये हैं।
—-सभी जोन के लिए लक्ष्य किये निर्धारित —
इस संबंध में जानकारी देते हुए अपर नगर आयुक्त सत्येंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए नगर निगम बकायेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा है। पचास हजार से अधिक के बकायेदारों के खिलाफ नगरायुक्त ने कुर्की वारंट जारी कर सम्पत्ति सील करने की कार्रवाई के आदेश दिये हुए हैं। सभी जोनल अधिकारियों के लिए लक्ष्य निर्धारित कर दिये गये हैं। ताजगंज जोन के लिए 96753 प्रॉपर्टी पर 207900000, छत्ता जोन में 97118 प्रॉपर्टी पर 224100000 हरिपर्वत जोन में 124838 प्रॉपर्टी पर 366500000 और लोहामंडी जोन में स्थित 97034 संपत्तियों पर से 201500000 रुपये का कर वसूल किया जाना है। अगर फरवरी माह में की गयी वसूली पर नजर डाली जाए तो ये तो ये निर्धारित लक्ष्य का 52.46 प्रतिशत रही। इसमें भी सबसे कम वसूली हरीपर्वत जोन के राजस्व निरीक्षक प्रदीप भास्कर द्वारा की गई है। ये लोग दिये गये लक्ष्य का कुल 23.34 प्रतिशत की कर वसूल पाये।