आगरा के सराय ख्वाजा क्षेत्र में 10 वर्षीय बालिका से दरिंदगी, सिर में ईंट मार किया घायल

Crime उत्तर प्रदेश दिल्ली/ NCR स्थानीय समाचार

आगरा,  13 मार्च। आगरा में पांच दिन के अंदर एक और बालिका दरिंदगी की शिकार हो गई। थाना शाहगंज  क्षेत्र के सराय ख्वाजा आगरा कैंट स्टेशन के आसपास क्षेत्र  में सोमवार की सुबह शौच के लिए गई 10 वर्षीय बालिका को युवक ने दबोच लिया। उससे दुष्कर्म किया। विराेध करने पर बालिका के सिर में ईंट मारकर घायल कर दिया। बालिका बदहवास हालत में रोती हुई घर पहुंची। स्वजन काे घटना की जानकारी दी। बालिका से दुष्कर्म की जानकारी होने पर बस्ती के लोगों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने हंगामा कर जाम लगा दिया।
घटना सुबह लगभग पांच-छह बजे की है। शाहगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली 10 वर्षीय बालिका शौच के लिए गई थी। घर का शौचालय टूट गया है। जिसके चलते उसे बाहर जाना पड़ा। वहां पर लगभग 32 वर्षीय युवक ने उसे दबोच लिया। बालिका ने विरोध किया तो उसका मुंह दबा लिया।  पास ही एक बंद पुलिया के नीचे ले गया। बालिका के सिर में ईंट से प्रहार कर दिया। उससे दुष्कर्म करके आरोपित वहां से भाग गया।

बालिका ने खून से लथपथ हालत में घर पहुंचकर घटना की जानकारी स्वजन को दी। वह बस्ती वालों के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक वह फरार हो चुका था। इससे आक्रोशित बस्ती के लोगों ने हंगामा कर दिया। उन्होंने मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। जानकारी होने पर पुलिस उपायुक्त विकास कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आरोपित को जल्द ही गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया।जिसके बाद लोगों ने जाम खोला। पुलिस का कहना है कि जिस जगह घटना हुई, वहां पर नशेबाजों का जमावड़ा रहता है। बस्ती के लोगों का कहना था कि पुलिया और उसके आसपास नशा करने व जुआ खेलने वाले जमा रहते हैं। महिलाओं और लड़कियों को वहां से निकलने में दिक्कत होती है। कई बार इसकी शिकायत की गई है। पुलिस की नियमित गश्त भी नहीं रहती है।  इस बीच पुलिस को घटनास्थल के पास एक प्रत्यक्षदर्शी मिला है। जिसने युवक को वहां से भागते हुए देखा था। उसकी मदद से पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। जिससे कि आरोपित की फुटेज मिल सके।उसकी मदद से पहचान की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *