आगरा 11.10.2024 – जिला कृषि अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया है कि मंडलायुक्त श्रीमती रितु माहेश्वरी द्वारा मण्डल स्तर के अधिकारियों की ड्यूटी उर्वरक प्रतिष्ठानों के निरीक्षण हेतु लगायी गयी है। मण्डल स्तर के अधिकारियों के द्वारा दिनांक- 10-10-2024 को निरीक्षण के दौरान मै० पारासर खाद बीज भण्डार, पिनाहट, अमर खाद बीज भण्डार, पिनाहट, न्यू भारद्वाज खाद बीज भण्डार, पिनाहट, सिद्ध बाबा खाद बीज भण्डार, जैतपुर कलॉ, हरविलास ओमप्रकाश, फतेहाबाद, नितिक खाद बीज भण्डार, फतेहाबाद के यह उर्वरकों के वितरण एवं अन्य अनियमिततायें पाये जाने पर उक्त समस्त फर्मों को जिला कृषि अधिकारी के माध्यम से नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण माँगा गया है।
उन्होंने आगे यह भी अवगत कराया है कि दिनांक- 08-10-2024 को निरीक्षण के दौरान उर्वरकों की कालाबाजारी, अधिक मूल्य पर बिक्री एवं बिना पोस के उर्वरकों का विक्रय किये जाने पर मै० जनता खाद बीज भण्डार, शमशाबाद, बी पैक्स, एत्मादपुर, अजनेरा, शमशाबाद तथा पोस मशीन / स्टॉक रजिस्टर में उपलब्ध मात्रा से अधिक मात्रा पाए जाने पर दिनांक-09-10-2024 को मै० महालक्ष्मी ट्रेडर्स, खन्दौली, मै० बॉके बिहारी ट्रेडर्स, खन्दौली के विरूद्ध उर्वरक नियन्त्रण आदेश-1985 के नियमों का उल्लघंन किये जाने के कारण आवश्यक वस्तु अधिनियम- 1955 की धारा 3/7 के अन्तर्गत प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी, तथा उक्त फर्मों को जारी उर्वरक लाईसेंस भी निरस्त कर दिए गए हैं।
उन्होंने किसान भाईयों को सूचित करते हुए अवगत कराया है कि दिनांक-12-10-2024 को आई०पी०एल० की एक रैक तथा इफको कम्पनी की एक रैक डी०ए०पी० दिनांक- 13-10-2024 को लगने की सम्भावना है, जिससे डी०ए०पी० उर्वरक की उपलब्धता जनपद में बनी रहेगी। कृषक अपनी भूमि के अनुसार संस्तुत मात्रा के अनुसार ही उर्वरकों का क्रय करें।


