भारत जोड़ो न्याय यात्रा: तेजस्वी यादव ने संभाली राहुल गांधी की गाड़ी की ड्राइविंग सीट, बिहार को दिया बड़ा संदेश

Politics

Bharat Jodo Nyay Yatra : तेजस्वी यादव ने संभाली ड्राइविंग सीट बगल में बैठे राहुल, बिहार को दिया बड़ा संदेश

सासाराम।  कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा इन दिनों बिहार में है। उन्होंने सासाराम जिले में रोड शो किया। जिसमें उन्हें बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आरजेडी के नेता तेजस्वी यादव का साथ मिला। तेजस्वी कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में शामिल हुए हैं। यही नहीं, तेजस्वी यादव ने राहुल की लाल रंग की गाड़ी खुद ड्राइव की है। राहुल गांधी की गाड़ी की ड्राइविंग सीट संभाली। एक तरह से यह साफ संदेश था कि नीतीश कुमार के इंडिया गठबंधन से बाहर जाने के बाद अब बिहार में गठबंधन की ड्राइविंग सीट पर तेजस्वी यादव ही मौजूद रहेंगे।

आज राहुल गांधी का कैमूर के दुर्गावती प्रखंड के धनेछा में एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करने का कार्यक्रम है। वहीं जानकारी यह भी है कि तेजस्वी यादव कैमूर में एक सार्वजनिक बैठक के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के साथ मंच साझा करेंगे।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज दूसरी बार बिहार पहुंची है। भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान पहली बार जब राहुल गांधी किशनगंज, पूर्णिया यानी कि सीमांचल पहुंचे थे, इस दौरान सरकार बदल रही थी। नीतीश कुमार पाला बदल रहे थे। पूर्णिया की रैली में पहले नीतीश कुमार के जाने की चर्चा थी, यानी की बिहार में इंडिया गठबंधन की विपक्ष की पहली संयुक्त रैली होने वाली थी, लेकिन ठीक उसके पहले नीतीश कुमार ने पाला बदल लिया। ऐसे में न तो उस रैली में इंडिया गठबंधन के अगुआ नीतीश कुमार ही गए और न ही तेजस्वी यादव इस बीच सरकार बदल गई।

देशभर में कई राज्यों में घूम-घूम कर विपक्षी नेताओं को एकजुट कर पटना में 23 जून 2023 को विपक्ष की पहली बैठक करने वाले नीतीश कुमार ही विपक्षी गठबंधन से न सिर्फ बाहर हो गए बल्कि तेजस्वी यादव बिहार की सत्ता से भी बाहर हो गए। अब बिहार में तेजस्वी यादव ही महागठबंधन के या यूं कहें कि इंडिया गठबंधन के नेता हैं। बिहार में हमेशा गठबंधन में कांग्रेस छोटे भाई की ही भूमिका में रही है। ऐसे में आज राहुल गांधी की गाड़ी की ड्राइविंग सीट संभाल कर तेजस्वी यादव ने यह संकेत दे दिया है की बिहार में गठबंधन की ड्राइविंग सीट पर भी तेजस्वी यादव ही हैं।

-एजेंसी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *