
आगरा। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के मार्गदर्शन में आगरा मंडल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के उपलक्ष्य में दिनांक 15 मई से 05 जून 2026 तक मंडल स्तर पर व्यापक पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की थीम “Climate Change” निर्धारित की गई है, जिसका उद्देश्य जलवायु परिवर्तन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा सतत एवं पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है।
इसी क्रम में आज दिनांक 02.06.2026 को वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अंकित गुप्ता एवं जनसंपर्क अधिकारी श्री संजय कुमार गौतम के निर्देशन में मिशन LiFE (Lifestyle for Environment) के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास को बढ़ावा देने हेतु विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस अवसर पर यात्रियों के साथ संवाद स्थापित कर पर्यावरण संरक्षण संबंधी पहलों में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण, ऊर्जा बचत, स्वच्छता, प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
साथ ही मिशन LiFE की थीम के अनुरूप व्यापक जनभागीदारी अभियान चलाया गया, स्टेशन एवं मंडल कार्यालय में लगी हुई एलईडी पर मिशन लाइफ का डिस्प्ले किया गया, जिसमें यात्रियों, रेल कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को पर्यावरण अनुकूल व्यवहार अपनाने तथा दैनिक जीवन में छोटे-छोटे सकारात्मक बदलाव लाकर प्रकृति संरक्षण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य एकल-उपयोग प्लास्टिक (Single Use Plastic) के उपयोग को कम करना, स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण को बढ़ावा देना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनसहभागिता सुनिश्चित करना है। मंडल रेल प्रबंधक आगरा के निर्देशन में यह अभियान मंडल के सभी स्टेशनों, कार्यालयों, रनिंग रूम, रेलवे कॉलोनियों एवं अन्य रेलवे परिसरों में निरंतर चलाया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत रेलवे कर्मचारियों, यात्रियों एवं आमजन को पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास तथा मिशन LiFE के सिद्धांतों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त आगामी दिनों में रेलवे कर्मचारियों हेतु कार्यशालाएं, वृक्षारोपण कार्यक्रम, अपशिष्ट प्रबंधन अभियान एवं डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा देने संबंधी विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
आगरा मंडल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस की थीम “Climate Change” पर संचालित यह अभियान हम सभी के लिए एक सशक्त संदेश है कि पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के लिए निरंतर प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं। आइए, हम सभी मिलकर अपने रेलवे परिसरों को प्लास्टिक मुक्त, स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाएं तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ एवं स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित करने में अपना योगदान दें।


