
नगर निगम ने माला किया जब्त , जुर्माने के बाद होगी रिहाई
आगरा। प्रतिबंधित पॉलिथिन के खिलाफ अभियान में नगर निगम प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार देर रात फतेहपुर सीकरी मार्ग पर सहायक आयुक्त राज्य कर सचल दल ने जयपुर की ओर जा रही मेटाडोर (संख्या UP 15 H A-2455) को रोक कर चेकिंग की। जांच के दौरान वाहन से 650 किलो प्रतिबंधित पॉलिथिन बरामद की गई।
पॉलिथिन 25-25 किलो के 26 कट्टों में भरी हुई थी और इसे जयपुर ले जाया जा रहा था। मामले की जानकारी मिलते ही नगर निगम प्रशासन को सूचित किया गया। प्रवर्तन प्रभारी डॉ. अजय कुमार सिंह के निर्देश पर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और प्लास्टिक बैग जब्त कर लिए। निगम अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए प्लास्टिक के माल को नष्ट कराया जाएगा। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित पॉलिथिन के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
