
आगरा। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंकित गुप्ता के निर्देशन में यात्रियों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं बेहतर रेल सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से आगरा मंडल द्वारा दिनांक 27.04.2026 को गाड़ी संख्या 12616 (जीटी एक्सप्रेस) में विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस विशेष अभियान के अंतर्गत 07 टिकट चेकिंग कर्मचारियों एवं 02 आरपीएफ स्टाफ द्वारा संयुक्त रूप से सघन जांच की गई। जांच के दौरान कुल 106 मामले दर्ज किए गए, जिनसे ₹1,02,160 का जुर्माना वसूला गया।
इसी क्रम में उत्पादक दल, मथुरा जंक्शन द्वारा गाड़ी संख्या 12616 जीटी एक्सप्रेस की गहन जांच के दौरान दिव्यांग कोच के शौचालय में लगभग 600 किलोग्राम अनबुक्ड लगेज भी पकड़ा गया जिनसे ₹6800 का जुर्माना वसूला गया । उक्त लगेज को नियमानुसार रेलवे द्वारा प्रभारित किया गया। इसके अतिरिक्त बिना टिकट एवं अनियमित यात्रियों के विरुद्ध भी कार्रवाई करते हुए उन्हें प्रभारित किया गया।
जांच के दौरान मुख्य टिकट निरीक्षक नागेन्द्र तिवारी , अन्य टिकट चेकिंग स्टाफ में पवन कुमार, बलवीर मीना, घनश्याम शर्मा, हिमांशु खत्री, प्रवीण कुमार एवं सुधीर मौर्या व आरपीएफ स्टाफ में श्रीमती सरिता एवं कारे सिंह उपस्थित रहे |
आगरा मंडल द्वारा समय-समय पर ऐसे विशेष जांच अभियान संचालित किए जाते हैं ताकि रेलवे राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके तथा यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।


