अंतरराष्ट्रीय प्लास्टिक मुक्त दिवस पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई
नगर आयुक्त के निर्देश पर शहर के चारों जोन में चलाया गया विशेष अभियान
आगरा, 3 जुलाई। अंतरराष्ट्रीय प्लास्टिक मुक्त दिवस के अवसर पर नगर निगम ने शहर में एक विशेष जागरूकता और प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान के दौरान प्रतिबंधित पॉलीथिन के प्रयोग पर नगर निगम प्रशासन ने 33 दुकानदारों पर कुल 68,000 रुपए का जुर्माना लगाया, जबकि 27 अन्य दुकानदारों के चालान काटे गए।
नगर निगम की टीम ने विभिन्न बाजार क्षेत्रों में निरीक्षण किया और पाया कि कई दुकानदार अब भी प्रतिबंधित पॉलिथीन का उपयोग कर रहे हैं। प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए मौके पर ही चालान काटे और अर्थदंड लगाया। इसके अतिरिक्त 64 दुकानदारों को गंदगी फैलाने और डस्टबिन न रखने के कारण नोटिस भी जारी किए गए।
इस विशेष अभियान के दौरान नगर निगम के अधिकारियों ने दुकानदारों को प्लास्टिक के नुकसान, उसके पर्यावरणीय प्रभाव और इसके विकल्पों के बारे में जानकारी दी। कपड़े, जूट और बायोडिग्रेडेबल बैग के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की गई।
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने बताया कि प्लास्टिक मुक्त शहर का सपना तभी पूरा हो सकता है जब नागरिक और व्यापारी दोनों मिलकर जिम्मेदारी निभाएं। नगर निगम का यह अभियान आने वाले दिनों में और अधिक सघन रूप से चलाया जाएगा ताकि शहर को प्लास्टिक से पूरी तरह मुक्त किया जा सके।
