—- रक्तदान शिविर से लेकर प्रमुख स्थलों पर दीप प्रज्वलन तक होंगे आयोजन, विकसित भारत 2047 के संकल्प से जुड़ेगा अभियान
आगरा। नगर निगम सदन में आयोजित बैठक के दौरान महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर को शहर में ‘सेवा दिवस—आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के तहत शाम सात बजे केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित परिवार अपने-अपने घरों में दीप प्रज्वलित कर 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करेंगे। साथ ही विकसित भारत 2047 के संकल्प को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने का संदेश दिया जाएगा।
महापौर ने बताया कि 17 सितंबर की शाम सात बजे आयोजित होने वाला दीप प्रज्वलन कार्यक्रम इस अभियान का प्रमुख हिस्सा होगा। सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त कर चुके परिवार अपने घरों में दीप जलाकर सेवा, सुशासन और जनकल्याण के प्रति आभार व्यक्त करेंगे। इसके लिए विभिन्न विभागों के लाभार्थियों की सूची शहरी वार्ड और मोहल्ला स्तर पर तैयार की गई है, ताकि अभियान में अधिक से अधिक परिवारों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
—- दिन में रक्तदान शिविर और दिव्यांगजन कल्याण कार्यक्रम
कार्यक्रम के तहत केवल दीप प्रज्वलन ही नहीं, बल्कि दिन के समय प्रत्येक वार्ड में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही दिव्यांगजनों के कल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम भी होंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से सेवा दिवस को जनसेवा और सामाजिक सहभागिता से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
— प्रमुख स्थलों पर भी जगमगाएंगे दीप
महापौर के अनुसार शहर के पांच स्थानों हाथी घाट, सीताराम घाट, पालीवाल पार्क और बल्केश्वर पार्क आदि पर भी विशेष दीप प्रज्वलन किया जाएगा। इन स्थानों पर होने वाला आयोजन सेवा, विकास और सामाजिक एकजुटता का संदेश देगा।
—– जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से सहभागिता की अपील
कार्यक्रम को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप देने के लिए कार्यक्रम में पार्षदों और जनप्रतिनिधि के अलावा इन्फ्लुएंसर और आम नागरिक भी इसमें शामिल होंगे। उन्होंने सभी से अपने घरों में दीप प्रज्वलित कर इसकी तस्वीर और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने की अपील की है।
सोशल मीडिया पर अभियान को गति देने के लिए #आशीर्वाद_का_दीया हैशटैग का इस्तेमाल किया जाएगा।
महापौर ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ केवल दीप प्रज्वलन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनसेवा के 25 वर्षों के प्रति आभार, सामाजिक सहभागिता और देश के विकास के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों और स्थानीय स्तर के अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक के दौरान नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य,अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार,सी एफ ओ बृजेश सिंह, के अलावा सहायक नगरआयुक्त श्रद्धा पांडेय, अशोक प्रिय गौतम और सीटीओ आदि भी उपस्थित रहे।


