strong>—- धीर नगर से देहली गेट तक अतिक्रमण हटाने पर हंगामा, नर्सिंग होम के बाउंसरों ने भी किया विरोध
आगरा। घरों के सामने नाली निर्माण में बाधा बन रहे रैंप और सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए नगर निगम प्रशासन की ओर से चलाए गए अभियान के दौरान मंगलवार को धीर नगर, मारुति स्टेट और देहली गेट क्षेत्र में जमकर हंगामा हुआ। धीर नगर में कार्रवाई का विरोध कर रहे कंचन सिंह और उनकी पत्नी जेसीबी के बकेट को पकड़कर बैठ गए। वहीं, सरकार नर्सिंग होम के सामने रखे खोखे को हटाने के दौरान अस्पताल के बाउंसरों ने विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। धीर नगर में स्थिति को देखते हुए निगम प्रशासन को महिला पुलिस बुलानी पड़ी। शाम के समय बजीरपुरा स्थित अल लजीज रेस्टोरेंट का फुटपाथ पर लगाया गया काउंटर जब्त करने पर भी भारी हंगामा हो गया। रेस्टोरेंट संचालक और उसके कर्मचारियों ने टास्कफोर्स के साथ हाथापाई कर दी।भारी भीड़ और तनाव बढ़ता देख नगर के अधिकारियों के साथ पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सहायक अभियंता जीवेक, प्रवतन प्रभारी कर्नल राहुल गुप्ता और एस एफ सुदेश यादव मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में काफी मशक्कत के बाद कार्रवाई पूरी कराई जा सकी। इस दौरान भारी भीड़ एकत्रित हो जाने के कारण पालीवाल पार्क के गेट पर भारी जाम लग गया। मौके पर पहुंचे पुलिस बल ने भीड़ को तितर-बितर कर जाम को खुलवाया।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार, क्षेत्र में घरों के सामने बनाए गए कई रैंप नाली निर्माण के रास्ते में बाधा बन रहे थे। इन रैंप और अन्य अतिक्रमण को हटाने के लिए निगम की ओर से पहले ही लाल निशान लगाए गए थे। संबंधित लोगों को अतिक्रमण स्वयं हटाने की चेतावनी भी दी गई थी। इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर मंगलवार को निगम की टीम जेसीबी के साथ मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की।
—- जेसीबी के बकेट पर बैठकर रोक दी कार्रवाई
धीर नगर में निगम की टीम ने जैसे ही चिह्नित रैंप हटाने के लिए जेसीबी चलानी शुरू की, कंचन सिंह और उनकी पत्नी ने विरोध कर दिया। दोनों जेसीबी के बकेट को पकड़कर बैठ गए। इससे कुछ देर के लिए कार्रवाई रुक गई। निगम अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे कार्रवाई का विरोध करते रहे। कोर्ट में जाने की धमकी दी। स्थिति बिगड़ने पर महिला पुलिस को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने दोनों को जेसीबी से हटाया, जिसके बाद निगम की टीम ने चिह्नित अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई आगे बढ़ाई।
नर्सिंग होम के सामने खोखा हटाने पर बाउंसरों का हंगामा—-
अभियान के दौरान सरकार नर्सिंग होम के सामने रखे खोखे को हटाने पहुंची निगम टीम का अस्पताल के बाउंसरों और कर्मचारियों ने विरोध कर दिया। बाउंसरों और निगम कर्मचारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। मौके पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नाली और सड़क की सीमा में आने वाले अतिक्रमण को हटाया जाएगा।
नगर आयुक्त का वर्जन—-
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा, “नाली निर्माण में बाधा बन रहे रैंप और सड़क व सार्वजनिक भूमि पर किए गए अतिक्रमण को पूर्व में चिह्नित किया गया था। संबंधित लोगों को अतिक्रमण हटाने के लिए पर्याप्त समय और चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिस पर नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। नगर निगम की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और सार्वजनिक रास्तों तथा नाली निर्माण में बाधा बनने वाले अतिक्रमण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”


