
आगरा। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंकित गुप्ता के निर्देशन में यात्रियों की सुविधा एवं बेहतर बैंकिंग सेवाओं को उपलब्ध कराने की दिशा में आगरा मंडल द्वारा महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इस क्रम में आगरा मंडल के 06 रेलवे स्टेशनों एवं परिसरों में 14 एटीएम स्थापित किए गए हैं।
स्टेशनों पर एटीएम की लोकेशन में आगरा फोर्ट पर 03 एटीम, मथुरा जंक्शन पर 04, अछनेरा, बिचपुरी, राजा की मंडी पर 01-01 तथा आगरा कैंट पर 04 एटीम सहित अन्य प्रमुख स्थान शामिल हैं। इन नई व्यवस्थाओं के साथ आगरा मंडल में वर्तमान में कुल 14 एटीएम संचालित हो रहे हैं।
इन एटीएम सुविधाओं के माध्यम से यात्रियों, पर्यटकों एवं स्थानीय नागरिकों को नकदी निकासी एवं अन्य बैंकिंग सेवाएं रेलवे परिसर में ही सहज रूप से उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे उनकी यात्रा और अधिक सुविधाजनक एवं सुगम बनेगी।
उक्त एटीएम के लिए कॉन्ट्रैक्ट लाइसेंस 5 वर्षों की अवधि के लिए प्रदान किया गया है। इससे रेलवे को प्रतिवर्ष लगभग 13.46 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त होगा, जबकि पांच वर्षों में कुल 67.31 लाख रुपये का राजस्व अर्जित होगा l आगरा मंडल यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा भविष्य में भी यात्री हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऐसी जनोपयोगी सुविधाओं का विस्तार करता रहेगा।


