प्रगणक और सुपरवाइजर तत्काल प्राप्त करें जनगणना सामग्री, समय सीमा के बाद जिम्मेदारों पर होगी कार्रवाई, नगर आयुक्त ने दी चेतावनी

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा। जनगणना कार्य को समयबद्ध और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो, इसके लिए नगर निगम अधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में नगर आयुक्त एवं अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी संतोष कुमार वैश्य ने सभी प्रगणकों और सुपरवाइजरों को जनगणना से संबंधित सामग्री तत्काल प्राप्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि सामग्री वितरण के लिए निर्धारित समय सीमा का पालन करना सभी संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारी है।
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि सभी प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को 14 नवंबर तक प्रत्येक दशा में जनगणना सामग्री प्राप्त कर लेनी है। यदि निर्धारित तिथि तक किसी भी प्रगणक या सुपरवाइजर द्वारा सामग्री प्राप्त नहीं की जाती है तो संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई प्रस्तावित कर दी जाएगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित कर्मचारी की होगी। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें प्रत्येक कर्मचारी की भूमिका बेहद अहम है। ऐसे में किसी भी स्तर पर उदासीनता अथवा लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने सभी संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे बिना किसी देरी के तत्काल निर्धारित केंद्र पर पहुंचकर जनगणना सामग्री प्राप्त करें, ताकि आगे की तैयारियां समय से पूरी की जा सकें। सामग्री प्राप्त करने में अनावश्यक देरी से जनगणना कार्य प्रभावित हो सकता है। इसलिए सभी प्रगणक और सुपरवाइजर निर्धारित समय सीमा को गंभीरता से लेते हुए अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन सुनिश्चित करें।
नगर आयुक्त ने दोहराया कि जनगणना कार्य शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसमें तैनात प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को सौंपे गए दायित्वों का पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ पालन करना होगा। निर्धारित तिथि तक सामग्री प्राप्त न करने वाले कार्मिकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *