कमला नगर के नटराज पुरम में अवैध निर्माण पर चलेगा बुलडोजर, दो दिन का अल्टीमेटम

Press Release उत्तर प्रदेश

— निगम की चेतावनी के बाद मचा हड़कंप, लोगों ने स्वयं अवैध निर्माण हटाने को मांगी मोहलत

आगरा। शहर में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में कमला नगर क्षेत्र के नटराज पुरम में सड़क किनारे किए गए अवैध पक्के निर्माण को हटाने के लिए नगर निगम ने अतिक्रमणकारियों को दो दिन का अंतिम अल्टीमेटम दिया है।
नटराज पुरम क्षेत्र में कई मकानों के आगे पक्के निर्माण कर लिए गए हैं, जिससे सड़क किनारे बनने वाली पटरी के निर्माण में बाधा उत्पन्न हो रही है। नगर निगम द्वारा पूर्व में ही इन अवैध निर्माणों को चिन्हित करते हुए लाल निशान लगाए जा चुके हैं और संबंधित लोगों को नोटिस भी जारी किए गए थे।
सोमवार को नगर निगम की टास्क फोर्स ने अवर अभियंता मुकेश कुमार के नेतृत्व में मौके पर पहुंचकर स्थिति का मुआयना किया। इस दौरान प्रवर्तन दल ने अतिक्रमण करने वालों को कड़ी चेतावनी देते हुए स्पष्ट कर दिया कि यदि दो दिन के भीतर स्वयं अवैध निर्माण नहीं हटाए गए तो नगर निगम की टीम बुलडोजर चलाकर कार्रवाई करेगी।
निगम की सख्त चेतावनी के बाद क्षेत्र में अतिक्रमणकारियों के बीच हड़कंप की स्थिति बन गई है। कई लोगों ने खुद ही अपने निर्माण हटाने के लिए नगर निगम से दो दिन की मोहलत मांगी है।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि शहर में विकास कार्यों में बाधा बनने वाले किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि तय समय सीमा के भीतर अवैध निर्माण नहीं हटाए गए तो निगम द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *