ISO CERTIFICATE 15.09.2026 (2)
strong> आगरा कैंट, आगरा फोर्ट, मथुरा जंक्शन, कोसीकलां एवं राजा की मंडी स्टेशनों को मिला ISO प्रमाण-पत्र
उत्तर मध्य रेलवे महाप्रबंधक श्री नरेश पाल सिंह व मंडल रेल प्रबंधक आगरा श्री गगन गोयल के मार्गदर्शन में पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास की दिशा में आगरा मंडल ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। श्री राज कुमार वर्मा, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर /ओ एंड एफ के नेतृत्व में मंडल के पांच प्रमुख रेलवे स्टेशन जिसमें आगरा कैंट, आगरा फोर्ट, मथुरा जंक्शन, कोसीकलां एवं राजा की मंडी स्टेशन को पर्यावरण प्रबंधन प्रणाली के लिए ISO प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया है।
पांचों स्टेशनों को एक साथ मिले इस प्रमाण-पत्र से आगरा मंडल की स्वच्छ, हरित एवं पर्यावरण अनुकूल रेलवे स्टेशन विकसित करने की प्रतिबद्धता को मजबूती मिली है। यह उपलब्धि स्टेशनों पर स्वच्छ एवं स्वच्छतापूर्ण वातावरण, जल संरक्षण, ऊर्जा बचत, अपशिष्ट प्रबंधन तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों को दर्शाती है।
ISO 14001:2015 पर्यावरण प्रबंधन प्रणाली के तहत इन स्टेशनों पर यात्रियों के लिए स्वच्छ एवं स्वच्छतापूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ प्रतीक्षालयों एवं रिफ्रेशमेंट क्षेत्रों की स्वच्छता, पेयजल एवं सैनिटेशन सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। साथ ही पर्यावरण अनुकूल व्यवस्थाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है।
पर्यावरण संरक्षण के अंतर्गत अपशिष्ट जल एवं ठोस अपशिष्ट के पुनर्चक्रण तथा ऊर्जा बचत की तकनीकों को अपनाया जा रहा है। इन प्रयासों से संसाधनों के बेहतर उपयोग के साथ रेलवे परिसरों में स्वच्छ एवं हरित वातावरण को बढ़ावा मिल रहा है।
प्रमाण-पत्र जारी करने वाली संस्था Absolute Quality Certification Private Limited (AQC) नोएडा द्वारा पर्यावरण प्रबंधन प्रणाली का ऑडिट किया गया। निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए जाने के बाद पांचों स्टेशनों को ISO 14001:2015 प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। लीड ऑडिटर श्री रमेश चन्द्र राय ने ऑडिट प्रक्रिया के दौरान पर्यावरण प्रबंधन प्रणाली के विभिन्न पहलुओं का मूल्यांकन किया तथा संबंधित विभागों द्वारा किए जा रहे पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों की समीक्षा की। उन्होंने पर्यावरणीय प्रदर्शन में निरंतर सुधार, अपशिष्ट प्रबंधन, संसाधनों के प्रभावी उपयोग और कर्मचारियों की पर्यावरणीय जागरूकता को महत्वपूर्ण बताया।
इन रेलवे स्टेशन के प्रमाण-पत्र के प्रारंभिक पंजीकरण 09 सितंबर 2026 को हुआ है तथा प्रमाण-पत्र की वैधता 08 सितंबर 2028 तक है।
आगरा मंडल द्वारा स्टेशनों को अधिक स्वच्छ, हरित, पर्यावरण अनुकूल एवं यात्री सुविधाओं की दृष्टि से बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।


