सोहल्ला में सड़क निर्माण में गड़बड़ी पर नगर आयुक्त एक्शन में, दिए जांच के आदेश, ठेकेदार पर कार्रवाई की तैयारी

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा। सोहल्ला वार्ड-22 में सड़क निर्माण में गड़बड़ी का वीडियो वायरल होने पर मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने मुख्य अभियंता को जांच के निर्देश दिए हैं। कुछ समय पूर्व यहां आठ लाख रुपये से अधिक की लागत से बनाई गई सीसी रोड की गिट्टी जगह-जगह से उखड़ने लगी है। निर्माण की बदहाल स्थिति के वीडियो स्थानीय निवासियों ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण में ठेकेदार ने गुणवत्ता के मानकों की अनदेखी की है। सीसी रोड बनाने में सीमेंट के इस्तेमाल के नाम पर महज खानापूर्ति की गई, जिसका नतीजा है कि निर्माण के कुछ ही दिनों बाद सड़क की ऊपरी परत उखड़ने लगी है। लोगों का कहना है कि निर्माण के दस दिन बाद ही गिट्टी बाहर निकलने लगी है तो आने वाले दिनों में इसकी स्थिति और खराब हो सकती है।
जानकारी के अनुसार, सोहल्ला वार्ड-22 में करीब आठ लाख रुपये से अधिक की लागत से 30 मीटर लंबी और ढाई मीटर चौड़ी सीसी रोड का निर्माण कराया गया है। इतनी बड़ी धनराशि खर्च होने के बावजूद सड़क की खराब स्थिति ने ठेकेदार द्वारा किए गए निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में स्थानीय निवासियों ने ठेकेदार के साथ ही नगर निगम के संबंधित अधिकारियों और अभियंताओं की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। लोगों द्वारा मांग की जा रही है कि सड़क की तकनीकी जांच कराकर निर्माण में इस्तेमाल की गई सामग्री और निर्धारित मानकों का मिलान कराया जाए। यदि जांच में अनियमितता सामने आती है तो ठेकेदार के साथ जिम्मेदार अभियंताओं पर भी कार्रवाई होनी चाहिए।
मामले को नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव को सड़क की गुणवत्ता की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जांच में निर्माण कार्य में गड़बड़ी या मानकों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *