ताजव्यू गार्डन को उत्कृष्ट बनाने के उद्यान विभाग को निर्देश, यमुना नदी पर रबर का बैराज बनाने के लिए आवश्यक कार्यवाहीः केंद्रीय मंत्री प्रो.एसपी सिंह बघेल
बागवानी क्षेत्र को विकसित करने के लिए भी प्रयास करने के लिए सुझाव दिया
आगरा, 23 फरवरी। मण्डलीय फल शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनीआज सम्पन्न हुई। ताज महोत्सव के मध्य प्रदर्शनी का आयोजन देशी-विदेशी पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है एवं वातावरण को मनोहारी बनाने में फूलों एवं पेड़-पौधों का बहुत बड़ा योगदान है। केंद्रीय राज्यमंत्री, मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय भारत सरकार एस०पी० सिंह बघेल द्वारा पुरस्कार वितरण समारोह में विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। प्रदर्शनी की विभिन्न प्रतियोगिताओं में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, होटल क्लार्क शिराज, प्रभारी राजकीय उद्यान सर्किट हाउस, जंगीखाना, टैंक नं0 4 एवं पं० मोतीलाल नेहरू पार्क एवं जिला कारागार, फिरोजाबाद ने अलग-अलग सर्वाधिक अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। प्रदर्शनी में विभिन्न प्रकार के फल, शाकभाजी, विभिन्न रंगों की शिमला मिर्चे एवं बैंगनी रंगों की बन्दगोभी, विभिन्न बहुवर्षीय एवं बहुरंगीय पुष्पों के प्रदर्श तथा शादी मण्डप के साथ-साथ गमलों में लगी शाकभाजी प्रदर्शनी का आकर्षण रही।
सैना क्षेत्र में बैंगला उद्यान तथा गृह वाटिकाओं की प्रतियोगिताओं के लिये ब्रिगेडियर सिद्वार्थ मलिक, एयर कमोडोर एस०के०गुप्ता, ग्रुप कैप्टन पुश रेनझेन एवं संस्थाओं के उद्यान में एम०एच० हॉस्पीटल आगरा कैन्ट आगरा तथा निदेशक ए०डी०आर०डी०ई० को पुरूष्कार वितरित किये गये।
सिविल क्षेत्र के गृह उद्यानों की प्रतियोगिता में राजकीय कार्यालय व अन्य संस्थाओं के उद्यानों में विद्यालय में प्रधानाचार्य मन्द बुद्धि संस्थान, सचिव, आगरा क्लब एवं औद्योगिक संस्थाओं में पूरन डाबर, होटल उद्यानों में प्रबन्धक होटल अमर विलास, प्रबन्धक आई०टी०सी० मुगल शेरेटन आगरा, महाप्रबन्धक होटल ट्राईडेन्ट, प्रबन्धक होटल क्लार्क शिराज, महाप्रबन्धक, होटल जे०पी० पैलेस आगरा ने तथा बंगला उद्यानों में श्रीमती कंचन आहूजा, दीपक मनचन्दा को मिला है। प्रदर्शनी में कुल 542 प्रतियोगियों को माननीय मंत्री द्वारा पुरस्कृत किया गया।
पुरस्कार वितरण के उपरान्त मंत्री जी द्वारा अपने उद्बोधन कहा कि देश के किसानों की आय को दुगनी करने में बागवानी फसलों की विशेष भूमिका है। पॉली हाउस में सब्जियों व पुष्पों की खेती, शहद व मशरूम उत्पादन, फल व सब्जी उत्पादन तथा संरक्षण के माध्यम से किसानों की आय में कई गुना बढोत्तरी हो सकती है। पर्यावरण में बढ़ रहे तापमान को रोकने के लिए वृक्षारोपण बहुत ही जरूरी है। इस प्रदर्शनी में किसानों द्वारा उत्पादित फल, शाकभाजी, पुष्पों, शहद, मशरूम आदि को प्रस्तुत किया गया है। शहर के उद्यान प्रेमियों द्वारा पुष्पों की प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया गया है, तथा प्रदर्शनी में ड्रिप व स्प्रिंकलर सिस्टम तथा हाईड्रोपोनिक्स को प्रदर्शित किया गया है। इस प्रदर्शनी से मण्डल के किसानों व उद्यान प्रेमियों को नया उत्साह व जानकारी में वृद्धि होगी। आगरा में पर्यटन को बढावा देने के लिए ताजव्यू गार्डन जो कि विश्व धरोहर ताजमहल एवं लालकिला के मध्य स्थित है, को उत्कृष्ट बनाने के लिए उद्यान विभाग को निर्देश दिये। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि यमुना नदी पर रबर का बैराज बनाने के लिए आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने इस प्रदर्शनी में शहर के प्रतिभागियों तथा मण्डल के किसानों को बधाई दी तथा उन्हें भविष्य में बागवानी क्षेत्र को विकसित करने के लिए भी प्रयास करने के लिए सुझाव दिया।
पुरस्कार वितरण समारोह की समाप्ति पर उप निदेशक उद्यान धर्म पाल यादव तथा अधीक्षक राजकीय उद्यान, आगरा रजनीश पाण्डेय ने प्रदर्शनी आयोजकों को उनके सफल प्रयासों के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि जनसामान्य को इस प्रकार के आयोजनों द्वारा प्रकृति के सौम्य स्वरूप की जानकारी होने के साथ ही पर्यावरण प्रदूषण से मुक्ति दिलाने में भी सहायता मिलती है।अंत में रजनीश पाण्डेय, सचिव/अधीक्षक राजकीय उद्यान, आगरा ने सभी लोगों को धन्यवाद एवं आभार प्रदर्शन किया जिनके सहयोग से प्रदर्शनी को सफलता की इस सीमा तक पहुँचाया जा सका।