18 फरवरी से 2 मार्च तक चलेगा यमुना आरती का कार्यक्रम
एत्माद्दौला व्यू प्वाइंट पर रोजाना शाम को होगा आयोजन
आगरा, 17 फरवरी। ताज महोत्सव 2025 के शुभ अवसर पर महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह एवं नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल के निर्देशन में आगरा नगर निगम द्वारा यमुना महाआरती का दिव्य एवं भव्य आयोजन किया जा रहा है। वाराणसी की गंगा आरती की तर्ज पर 400 वर्ष पुरानी यह परंपरा एक बार फिर अपने पूर्ण वैभव के साथ सजीव हो उठेगी। इस आयोजन में यमुना मैया की भव्य आरती, वैदिक मंत्रोच्चारण एवं भक्तिमय भजन संध्या से संपूर्ण वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से आलोकित हो उठेगा।
यह आयोजन केवल श्रद्धा और भक्ति का प्रतीक नहीं, बल्कि यमुना नदी की स्वच्छता और संरक्षण का संकल्प भी है। 18 फरवरी से 2 मार्च तक प्रतिदिन सायं 5:00 बजे से 8:00 बजे तक, प्राचीन मधुराधीश मंदिर के समीप, एत्माद्दौला व्यू पॉइंट पर यह दिव्य आरती संपन्न होगी।
इस भव्य आयोजन की शोभा बढ़ाने के लिए भारत के प्रतिष्ठित संत-महात्मा, विद्वान ज्योतिषाचार्य, ख्यातिप्राप्त गुरुजन, प्रख्यात कवि एवं अंतरराष्ट्रीय गणमान्य अतिथि अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
वर्जन —–
आगरा नगर निगम स्वच्छता के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। आप सभी से अनुरोध है कि इस प्लास्टिक-मुक्त आयोजन को सफल बनाने में अपना सहयोग दें एवं स्वच्छ, सुंदर आगरा के निर्माण में सहभागी बनें।
—–अंकित खंडेलवाल
नगर आयुक्त नगर निगम
आगरा
वर्जन ——+
यमुना महाआरती में भाग लेकर दिव्य और भव्य आयोजन का साक्षी बनें और यमुना मैया की कृपा प्राप्त करें।
—-हेमलता दिवाकर कुशवाह
महापौर, आगरा