यमुना बाढ़: नगर निगम ने आरती स्थल पर कराई बैरीकेडिंग

Press Release उत्तर प्रदेश

बल्केश्वर घाट बंद, दयालबाग में सैंडबैग से रोका जा रहा पानी
यमुना किनारे जलभराव रोकने को लगातार चलाये जा रहे पंप

आगरा। लगातार भयावह होते यमुना के जलस्तर को देखते हुए नगर निगम प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। नदी किनारे के रास्तों और घाटों पर बैरीकेडिंग शुरू कर दी गई है ताकि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की भीड़ और संभावित हादसों को रोका जा सके।

सोमवार को नगर निगम की टीम ने यमुना किनारे स्थित आरती स्थल पर बैरीकेडिंग कर आमजन के आवागमन पर पूरी तरह रोक लगा दी। यहां बड़ी संख्या में लोग बाढ़ का नजारा देखने के लिए इकट्ठा हो रहे थे, जिससे हादसे की आशंका बनी हुई थी। इसी तरह बीती रात बल्केश्वर घाट को भी सुरक्षा कारणों से पूरी तरह से बंद कर दिया गया।

—– दयालबाग में हैंडबैग्स लगाकर रोका जा रहा पानी—-

दयालबाग स्थित अमर विहार और अमर बाग क्षेत्रों की ओर बढ़ते यमुना जल को रोकने के लिए नगर निगम प्रशासन ने सैंडबैग रखवाना शुरू कर दिया है। वहीं, यमुना में मिल रहे नालों की टैपिंग कराई जा रही है ताकि पानी रिहायशी इलाकों तक न पहुंच सके।

—- अधिकारियों का लगातार निरीक्षण—-

नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल और अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने बीती रात बल्केश्वर क्षेत्र का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रशासन का कहना है कि लगातार बाढ़ प्रभावित इलाकों पर नजर रखी जा रही है और लोगों की सुरक्षा के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।

— नगर आयुक्त की अपील

नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने नागरिकों से अपील की है कि वे यमुना किनारे और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जाने से परहेज करें। उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। कृपया प्रशासन द्वारा लगाए गए बैरीकेड और रोक का पालन करें तथा अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत नगर निगम कंट्रोल रूम से संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *