विश्व रीसायकल दिवस : संजय पैलेस में निकली जागरूकता रैली, सिंगल यूज़ प्लास्टिक के खिलाफ दिया संदेश

Press Release उत्तर प्रदेश

—- “रीसायकल अपनाओ, पर्यावरण बचाओ” के नारों से गूंजा वॉर्ड 93, नागरिकों को किया जागरूक

आगरा। नगर निगम आगरा के हरी पर्वत जोन अंतर्गत वॉर्ड संख्या 93 संजय पैलेस में विश्व रीसायकल दिवस के अवसर पर जनजागरूकता के उद्देश्य से एक विशाल रैली का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नगर निगम आगरा एवं आईटीसी मिशन सुनहराकल के संयुक्त तत्वावधान में आईईसी टीम के सहयोग से संपन्न हुआ।
रैली का मुख्य उद्देश्य आमजन को सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए रीसायकल की आदत को बढ़ावा देना था। रैली में शामिल प्रतिभागियों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर “सिंगल यूज़ प्लास्टिक बंद करो” और “रीसायकल अपनाओ, पर्यावरण बचाओ” जैसे प्रभावशाली नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
इस दौरान नगर निगम के अधिकारी, आईईसी टीम के सदस्य, स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उत्साहपूर्वक रैली में शामिल हुए। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई और उन्हें दैनिक जीवन में कपड़े व जूट के थैलों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के लिए सिंगल यूज़ प्लास्टिक का बहिष्कार बेहद आवश्यक है और इसके स्थान पर पुनः उपयोग योग्य एवं पर्यावरण के अनुकूल विकल्प अपनाना समय की मांग है। इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए नगर निगम शहर को स्वच्छ और हरित बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *