महिलाओं ने ‘पिंक स्वच्छता रैली’ से दिया स्वच्छता का संदेश

Press Release उत्तर प्रदेश


आगरा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में नगर निगम द्वारा शहर में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के साथ “पिंक स्वच्छता रैली” का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य महिलाओं को स्वच्छता अभियान से जोड़ते हुए शहरवासियों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक करना था।
रैली में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, महिला सफाई कर्मी तथा स्थानीय महिलाएं बड़ी संख्या में शामिल हुईं। सभी प्रतिभागियों ने हाथों में स्वच्छता से संबंधित संदेश लिखी तख्तियां और बैनर लेकर लोगों को स्वच्छ शहर बनाने का संदेश दिया। रैली के दौरान महिलाओं ने “स्वच्छ शहर, स्वस्थ जीवन”, “गीला-सूखा कचरा अलग करें” और “सिंगल यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग बंद करें” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
नगर निगम से निकाली गई रैली विभिन्न स्थानों से होकर निगम परिसर पहुंच कर समाप्त हो गई। रैली में भाग लेने वाली महिलाओं का सहायक नगरआयुक्त श्रद्धा पांडेय ने माला पहनाकर स्वागत किया। रैली का मुख्य उद्देश्य घर-घर तक स्वच्छता का संदेश पहुंचाना तथा कचरे के स्रोत पर ही पृथक्करण को बढ़ावा देना रहा। रैली के माध्यम से नागरिकों से अपील की गई कि वे अपने घरों में गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखें तथा प्लास्टिक के उपयोग को कम करें, जिससे पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिल सके।
इस अवसर पर महिलाओं ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे अपने घरों, मोहल्लों और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखेंगी और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगी। प्रतिभागियों ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है और इसमें महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। नगर निगम अधिकारियों ने भी महिलाओं की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में महिलाओं की भागीदारी बेहद अहम है। ऐसी रैलियों के माध्यम से लोगों में जागरूकता बढ़ती है और स्वच्छता अभियान को जन-आंदोलन बनाने में मदद मिलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *