आगरा। मंडल रेल प्रबंधक, गगन गोयल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी सनत जैन के निर्देशन में मंडलीय सांस्कृतिक प्रतिभा प्रतियोगिता–2025 के पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन मंडल कार्यालय के गोवर्धन सभागार में सम्पन्न हुआ।
उल्लेखनीय है कि उक्त प्रतियोगिता दिनांक 26 एवं 27 दिसंबर 2025 को रेलवे ऑफिसर क्लब, आगरा में आयोजित की गई थी, जिसमें आगरा मंडल के रेल कर्मचारियों एवं उनके परिवार के सदस्यों ने गायन, नृत्य एवं अभिनय सहित विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया था। प्रतियोगिता के परिणाम पूर्व में घोषित किए जा चुके थे।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक आगरा श्री गगन गोयल द्वारा विभिन्न विधाओं-मोनो अभिनय, समूह एवं एकल नृत्य, समूह गान तथा शास्त्रीय नृत्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मंडल रेल प्रबंधक द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभागियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की तथा भविष्य में भी इस प्रकार की गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने हेतु प्रेरित किया।
यह आयोजन आगरा मंडल की सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने तथा कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है l


