*अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आगरा मंडल की अनूठी पहल — आगरा कैंट–नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन पूर्णतः महिला कर्मचारियों को समर्पित*

Press Release उत्तर प्रदेश स्थानीय समाचार

आगरा। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भारतीय रेल के उत्तर मध्य रेलवे के अंतर्गत आगरा मंडल द्वारा महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई। मंडल रेल प्रबंधक आगरा श्री गगन गोयल के मार्गदर्शन में एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आगरा श्री अंकित गुप्ता के निर्देशन में आगरा मंडल ने आगरा कैंट–नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 14211) का संचालन पूर्णतः महिला कर्मचारियों को समर्पित किया। इस विशेष अवसर पर ट्रेन का संचालन महिला लोको पायलट, सहायक लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर, टिकट जांच कर्मियों तथा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की महिला कर्मियों द्वारा किया गया। इन सभी महिला कर्मचारियों ने सुरक्षा, टिकट जांच, संचालन और प्रबंधन से जुड़े सभी महत्वपूर्ण दायित्व अत्यंत दक्षता, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ निभाए, जो भारतीय रेल में महिलाओं की बढ़ती भूमिका और नेतृत्व क्षमता का उत्कृष्ट उदाहरण है।

इस अवसर पर गाड़ी संख्या 14211 आगरा कैंट–नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस में ट्रेन मैनेजर/आगरा कु. आकांक्षा तिवारी, सहायक लोको पायलट श्रीमती वर्षा सिंह एवं टीटीई श्रीमती दीपाली एवं कु. अंजलि ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इसके अतिरिक्त स्टेशन स्तर पर स्टेशन टिकट चेकिंग स्टाफ में उप मुख्य टिकट निरीक्षक श्रीमती मुन्नी एवं वरिष्ठ सीसीटीसी श्रीमती खुशबू मीना, उप स्टेशन अधीक्षक कुंती नागवंशी, प्वाइंट्समैन श्वेता मौर्य एवं पूनम वर्मा ने भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए इस विशेष पहल को सफल बनाया। महिलाओं की सुरक्षा और संरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रेलवे सुरक्षा बल की महिला कर्मियों ने भी इस विशेष ट्रेन में सुदृढ़ एस्कॉर्ट ड्यूटी प्रदान की। आरपीएफ की ओर से सब इंस्पेक्टर श्रीमती गुलशन, कांस्टेबल सपना, विजयलक्ष्मी और श्रीमती संगीता ने ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए सतत निगरानी रखी।

आगरा मंडल की यह पहल न केवल महिलाओं की क्षमता, नेतृत्व और कार्यकुशलता को सम्मान देती है, बल्कि समाज में महिला सशक्तिकरण का एक सशक्त संदेश भी प्रसारित करती है। ट्रेन में यात्रा कर रहे यात्रियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए महिला कर्मचारियों के आत्मविश्वास, समर्पण और पेशेवर दक्षता की प्रशंसा की।
भारतीय रेल में महिलाएं आज संचालन, सुरक्षा, प्रबंधन और तकनीकी क्षेत्रों सहित हर महत्वपूर्ण क्षेत्र में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करा रही हैं तथा निरंतर नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। आगरा मंडल की यह पहल न केवल महिला कर्मचारियों के सम्मान का प्रतीक है, बल्कि समाज में समान अवसर, सुरक्षा और सशक्त भागीदारी के संदेश को और अधिक सुदृढ़ करने का एक सार्थक प्रयास भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *