अफरातफरी मची, फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, सैंया, खेरागढ़ आदि अस्पतालों से एंबुलैंस बुलायी गयीं
एसडीएम सदर , तहसीलदार आदि अधिकारी मौके पर पहुंचे
आधा दर्जन घायल ककुआ के निजी अस्पताल में भर्ती कराये गये, कोई गंभीर नहीं
आगरा, 25 अक्टूबर। भांड़ई रेलवे स्टेशन के पास पातालकोट एक्सप्रेस में आग लगने से दो बोगी पूरी तरह से नष्ट हो गयी हैं। इस घटना में नौ यात्री घायल हुए हैं। जिनको विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घटना शार्ट सर्किट के कारण बतायी जा रही है। ट्रेन बुधवार को सायं चार बजे के लगभग आगरा कैंट स्टेशन की ओर आ रही थी। भांड़ई रेलवे स्टेशन से थोड़ा पहले उसकी दो बोगियों में अचानक धमाका हुआ। जिससे यात्री कूदकर भागने लगे। इसी भगदड़ में नौ यात्री घायल हो गये। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार यात्री कुछ समझ ही नहीं पाये कि धमाका जैसा हुआ। जिससे अफरा-तफरी मच गयी। यात्री एक-दूसरे के ऊपर पैर रखकर इन दो बोगियों में से कूदकर भाग गये। इसी भगदड़ में नौ यात्री घायल हो गये। इनमें से आधा दर्जन को तो सोलंकी हास्पीटल ककुआ में भर्ती कराया गया है। तीन यात्री एस एन हास्पीटल भेजे गये हैं। जहां किसी की भी हालत गंभीर नहीं बतायी गयी है। घायलों में सिद्धांत पुत्र राजेश उम्र 18 वर्ष, निवासी भिंड, 17 वर्षीय हितेश पुत्र मुरारीलाल निवासी पावई, जिला भिंड, गौरव कुमार पुत्र अनिल सिंह (21 वर्ष) निवासी कमात, थना सिंघारी, जिला गया,बिहार, विकास पुत्र रामसिया (17 वर्ष) निवासी कुमरऊआ देहात, जिला भिंड, गौरव पुत्र राजेश (17 वर्ष), निवासी कुमरऊआ, भिंड, प्रियरंजन पुत्र शिवशंकर शर्मा (30 वर्ष) निवासी अल्कापुरी, जयपुरहाउस आगरा हैं। तीन अन्य घायल हैं, जिन्हें एस एन अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
ट्रेन दुर्घटना की जानकारी जैसे ही हुई। जिला प्रशासन और रेलवे के अधिकारी घटना स्थल के लिये दौड़ गये। शहर के अलावा सैंया, खेरागढ़ आदि स्थानों से एंबुलैंस और फायर ब्रिगेड की गाड़िया घटना स्थल के लिये दौड़ गयीं। जहां काफी देर बाद आग पर काबू पाया गया। दोनों बोगियां पूरी तरह जल गयी हैं। जैसे ही जानकारी मिली एसडीएम सदर नवोदिता शर्मा, तहसीलदार रजनीश वाजपेयी, कानूनगो राजेंद्र वर्मा तथा लेखपाल आदि मौके पर पहुंच गये। उन्होंने घटना स्थल का दौरा कर घटना के बारे में जानकारी की। घायलों को अस्पताल भिजवाया। वहीं रेलवे के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गये। वहां अफरा तफरी मच गयी। धमाके को लेकर पुलिस-प्रशासन परेशान था। लेकिन तत्काल जानकारी की गयी तो पता चला कि शार्ट सर्किट के कारण आग लगी है। हादसा इतनी तेजी से हुआ कि यात्री कुछ समझ ही नहीं पाये। उनमें अफरातफरी मच गयी। बोगियों को देखकर तो लग रहा था कि घटना बहुत बड़ी हो सकती है। हालांकि ईश्वर का शुक्र है कि कोई गंभीर घायल नहीं हुआ है।