शहर में रंग बिरंगी लाइटों के बीच खिलेगा ‘ट्यूलिप’

Press Release उत्तर प्रदेश

— स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर नगर निगम कर रहा अभिनव प्रयोग
—— पुरानी मंडी मेट्रो स्टेशन से फतेहाबाद रोड पर काम शुरू
—- पर्यटकों के आकर्षण केन्द्र के साथ सेल्फी प्वाइंट बनेंगे जगमगाते ट्यूलिप

आगरा। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में शहर की रैंकिंग बेहतर करने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन ने शहर की सूरत और सीरत बदलने के लिए कमर कस ली है। स्वच्छता के साथ-साथ शहर को सुंदर और आकर्षक बनाने के लिए नगर निगम द्वारा नए-नए प्रयोग किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शहर के प्रमुख पर्यटन मार्गों में शामिल फतेहाबाद रोड को विशेष रूप से सजाने की योजना पर काम शुरू कर दिया गया है।
नगर निगम की ओर से पुरानी मंडी मेट्रो रेल स्टेशन से फतेहाबाद रोड तक सड़क किनारे रंग-बिरंगी लाइटों के साथ ‘ट्यूलिप’ लगाने का कार्य शुरू किया गया है। इस पहल का उद्देश्य न केवल शहर की सुंदरता बढ़ाना है, बल्कि यहां आने वाले पर्यटकों को भी एक नया और आकर्षक अनुभव देना है।
रात के समय रंगीन रोशनी में सजे ट्यूलिप इस मार्ग की खूबसूरती को और बढ़ा रहे हैं। अलग-अलग रंगों की लाइटों के बीच लगे ट्यूलिप देखने में बेहद आकर्षक लग रहे हैं, जिससे यह क्षेत्र पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र और सेल्फी प्वाइंट बनता जा रहा है।
नगर निगम अधिकारियों का मानना है कि शहर के प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों की इस तरह की सजावट से आगरा की छवि एक स्वच्छ और सुंदर शहर के रूप में और मजबूत होगी। साथ ही स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन के लिए भी यह प्रयास मददगार साबित होंगे।
इस संबंध में जानकारी देते हुए सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि शहर को सुंदर और आकर्षक बनाने के लिए नगर निगम लगातार नए प्रयोग कर रहा है। फतेहाबाद रोड पर ट्यूलिप और रंगीन लाइटों की यह पहल उसी दिशा में एक कदम है। शहर के अन्य प्रमुख स्थानों पर भी इसी तरह की सजावट और सौंदर्यीकरण के कार्य कराए जाएंगे। नगर निगम की टीमें संभावित स्थानों का चयन कर रही हैं, ताकि शहर के विभिन्न हिस्सों को भी इसी तरह आकर्षक बनाया जाएगा। स्वच्छता के साथ-साथ शहर की सुंदरता भी स्वच्छ सर्वेक्षण के महत्वपूर्ण मानकों में शामिल है। ऐसे में इन प्रयासों से न केवल शहर की रैंकिंग बेहतर होगी, बल्कि आगरा आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों पर भी शहर की सकारात्मक छवि बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *