कालिंदी विहार के बुद्धा पार्क में 100 फीट ऊंचे पोल पर लहराएगा तिरंगा

Press Release उत्तर प्रदेश

—– नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण, तय समय में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश

आगरा। कालिंदी विहार में निर्माणाधीन बुद्धा पार्क जल्द ही शहर के प्रमुख आकर्षण केंद्र के रूप में विकसित होगा। पार्क में 100 फीट ऊंचे पोल पर लहराता विशाल तिरंगा पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगा। सोमवार को नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया और सभी कार्यों को तय समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने पार्क में स्थापित की जा रही भगवान बुद्ध की प्रतिमा के रंग संयोजन, प्रकाश व्यवस्था, डेकोरेटिव लाइटिंग और परिसर में लगाए जाने वाले ग्रेनाइट पत्थरों की गुणवत्ता और डिजाइन की जानकारी अधिकारियों से विस्तार से ली। उन्होंने निर्देश दिए कि पार्क का विकास इस तरह किया जाए कि यह धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन की दृष्टि से आकर्षक और उपयोगी बन सके। नगर आयुक्त ने पार्क में हरियाली बढ़ाने के लिए तेजी से घास लगाने के निर्देश दिए। साथ ही नेशनल हाईवे की ओर से आने वाले मार्ग पर सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए पाथ-वे के दोनों ओर पर्याप्त पार्किंग और प्रभावी ड्रेनेज व्यवस्था विकसित करने को कहा, ताकि बारिश या जलभराव की समस्या न हो और आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए और पार्क को एक आधुनिक, स्वच्छ और सुव्यवस्थित सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता अरविंद श्रीवास्तव, अवर अभियंता ललित अग्रवाल, सहायक अभियंता जीवेक तथा सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *