माह अप्रैल-अक्टूबर 2025 में 207.35 लाख यात्रियों का परिवहन,गत वर्ष की इसी अवधि में 9.64 फीसदी अधिक
आगरा मंडल यात्रियों को उत्कृष्ट सेवाएँ उपलब्ध करने के साथ राजस्व अर्जन में भी निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा हैं । परिवहन के क्षेत्र में अच्छी सेवाएँ उपलब्ध कराने और सकारात्मक प्रयासों से आगरा मण्डल की आय में निरंतर बढ़ोत्तरी हो रही है। मण्डल रेल प्रबन्धक आगरा श्री गगन गोयल के मार्गदर्शन में यात्रियों को उच्च दर्जे की सुविधाएं एवं सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराने के लक्ष्य के साथ कार्यरत आगरा मंडल ने वर्ष 2025 के माह अप्रैल से अक्टूबर की अवधि में उत्कृष्ट प्रदर्शन दर्ज किया है। इस अवधि में आगरा मंडल ने 414.28 करोड़ रुपये की आय अर्जित की है, जबकि गत वर्ष इसी अवधि (अप्रैल-अक्टूबर 2024) में 391.75 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई थी। इस प्रकार मंडल की आय में 5.75 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज हुई है।
यात्री परिवहन के क्षेत्र में भी आगरा मंडल ने गत वर्ष की तुलना में महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की है। अप्रैल-अक्टूबर 2025 की अवधि में मंडल द्वारा कुल 207.35 लाख यात्रियों का परिवहन किया गया, जबकि वर्ष 2024 की इसी अवधि में यह संख्या 189.11 लाख थी। इस प्रकार यात्री संख्या में 9.64 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जो यात्रियों के विश्वास का प्रतीक है। यह उपलब्धि मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता, समयपालन, आधुनिक टिकटिंग प्रणाली, डिजिटल सेवाओं एवं स्टेशन विकास कार्यों में निरंतर सुधार का परिणाम है। आगरा मंडल ने यात्रियों की सुविधा एवं संतोष को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बेहतर संचालन, मानवीय व्यवहार, त्वरित सेवा एवं व्यवस्थित प्रबंधन को प्रभावी रूप से लागू किया है। आगरा मंडल भविष्य में भी यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित, सुविधाजनक एवं संतोषप्रद रेल सेवाएं प्रदान करने हेतु निरंतर समर्पित रहेगा।
