फतेहाबाद रोड़ पर लग रहे जाम की समस्या से निदान हेतु अवैध रूप से सड़क किनारे खड़े होने वाले वाहन के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस द्वारा अभियान चलाने एवं सड़क किनारे बनी अनावश्यक क्यारियों को वहां से हटाए जाने हेतु कार्यवाही के निर्देश

Press Release उत्तर प्रदेश

मण्डलायुक्त नगेन्द्र प्रताप की अध्यक्षता में मण्डलीय उद्योग बन्धु समिति की बैठक हुई संपन्न
आगरा. 28 मार्च 2026. आयुक्त सभागार में मण्डलायुक्त नगेन्द्र प्रताप की अध्यक्षता में आज शनिवार को मण्डलीय उद्योग बन्धु समिति की बैठक हुई। सर्वप्रथम मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार सृजन कार्यक्रम योजना की प्रगति की समीक्षा की गयी। वर्तमान वित्तीय वर्ष में लक्ष्य के सापेक्ष मार्जिन मनी स्वीकृति एवं वितरण में पूर्ण लक्ष्य की प्राप्ति हो चुकी है। ओडीओपी वित्त पोषण सहायता योजना में भी वर्तमान वित्तीय वर्ष के निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष मण्डल के सभी जिलों में लक्ष्य पूर्ण हो चुका है। वहीं सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान में मथुरा पूर्ण लक्ष्य प्राप्ति से पीछे रहा। एमओयू प्रस्तावित निवेश उपलब्धि के संबंध में अवगत कराया गया कि कुल 1057 एमओयू हस्ताक्षरित हो चुके हैं जिसमें लगभग 502 एमओयू जीबीसी के लिए तैयार हैं। इसमें से 340 ईकाइयों स्थापित हो चुकी हैं।

तत्पश्चात मण्डलीय उद्योग बंधु समिति की विगत बैठक के अनुपालन एवं वर्तमान स्थिति की मंडलायुक्त महोदय द्वारा समीक्षा की गई। औद्योगिक क्षेत्र सिकंदरा में ही पूर्व निर्मित स्टोर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम में जल निकासी की समस्या के संबंध में अवगत कराया गया कि स्टोर्म वाॅटर ड्रेन के निर्माण हेतु राज्य अवस्थापना निधि से स्वीकृति प्रदान हो गयी है। एडीए द्वारा निविदा जारी कर दी गयी है। फाउण्ड्री नगर में पार्क हेतु छोड़ी गयी जमीन पर सौन्दर्यीकरण कार्य कराए जाने के सम्बन्ध में अवगत कराया गया कि लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण करा दिया गया है। शेष कार्य भी जल्द पूर्ण हो जाएगा। औद्योगिक क्षेत्र नुनिहाई में जल निकासी की समस्या को लेकर आयुक्त द्वारा नगर निगम एवं उद्योग विभाग को पूर्ण विवरण के साथ अलग से बैठक करने को निर्देश दिए गये।

गलीचा बिराई प्रशिक्षण योजना के सम्बन्ध में अवगत कराया कि आगरा कारपेट एसो0 द्वारा गलीचा बिराई का कार्य कर रहे कारीगरों के पंजीकरण किए जाने की कार्यवाही की जा रही है। यूपीसीडा विभाग द्वारा टैक्स चार्ज ज्यादा लिए जाने के प्रकरण पर आयुक्त महोदय द्वारा निर्देश दिए गये कि यूपीसीडा अपने मुख्यालय से पत्राचार कर व्यापारियों के हितों को ध्यान में रख नये वित्तीय वर्ष से लिए जाने वाले टैक्स बिल का प्रावधान तैयार करे।

निवेश मित्र पोर्टल के अन्तर्गत लंम्बित प्रकरणों की समीक्षा की गयी। आगरा में 8, फिरोजाबाद में 3 और मथुरा में 2 और मैनपुरी में एक ऐसे प्रकरण हैं जो निर्धारित समय उपरांत लंबित हैं। मण्डलायुक्त महोदय ने मथुरा में काफी समय से बने लंबित प्रकरणों के कारण मण्डल की रैंक प्रभावित होने लेकर नाराजगी व्यक्त की और सम्बन्धित की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए।

बैठक में सिकन्दरा औद्योगिक क्षेत्र, बोदला बिचपुरी औद्योगिक क्षेत्र में विद्युत समस्या से अवगत कराते हुए निर्बाध विद्युत आपूर्ति की मांग की गयी। मुख्य अभियंता डीवीवीएनएल को समस्या का निदान कराये जाने के निर्देश दिए। औद्योगिक क्षेत्र में कुछ एरिया ग्राम पंचायत में होने के कारण नालों की समुचित सफाई में आ रही समस्या को लेकर आयुक्त द्वारा नगर निगम अधिकारी को ग्राम पंचायत के समन्वय से संसाधनों का प्रयोग करते हुए नाले की एंड टू एंड सफाई कराये जाने के निर्देश दिए गये। फतेहाबाद रोड़ पर सार्वजनिक पार्किंग स्थल प्रकरण में स्थल चिन्हित कर कार्ययोजना तैयार किये जाने तथा फतेहाबाद रोड़ पर लग रहे जाम की समस्या से निदान हेतु अवैध रूप से सड़क किनारे खड़े होने वाले वाहन के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस द्वारा अभियान चलाने एवं सड़क किनारे बनी अनावश्यक क्यारियों को वहां से हटाए जाने हेतु कार्यवाही के निर्देश दिए गये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *