सड़क किनारे सोने वालों को सघन अभियान चला कर शेल्टर होम पहुंचाया जाए

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा, 28 दिसंबर। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सर्द रातों में शहर के किसी भी स्थान पर सड़क किनारे कोई व्यक्ति सोता नहीं पाया जाना चाहिए। प्रवर्तन दल ऐसे सभी स्थानों पर पैनी नजर रखें जहां पर रात को सड़कों के किनारे लोग सोते हुए मिलने की संभावना अधिक रहती है।
नगरआयुक्त के निर्देश के उपरांत नगर निगम प्रवर्तन दल और रैन बसेरों और शेल्टर होम की व्यवस्थाओं के लिए नामित किये गये सभी नोडल अधिकारी सक्रिय हो गये हैं। भगवान टाकीज, फतेहाबाद रोड, सिकंदरा, हाथरस रोड,एमजी रोड, वाटर वर्क्स, आगरा कैंट स्टेशन, बिजलीघर और आईएसबीटी के आसपास पैनी नजर रखी जा रही है। देर शाम से ही नगर निगम की टीमें सक्रिय होकर इन स्थानों पर रहने वाले लोगों को उठा कर नगर निगम के वाहनों से शेल्टर होम पहुंचा रहे हैं। बीती रात भी नगर के विभिन्न स्थानों पर खुले में सो रहे 95 लोगों को नगर विभिन्न स्थानों पर बनाये गये शेल्टर होम और रैन बसेरों मे ंपहुंचाया गया। इनमें सोलह महिलाएं भी थीं।

—-बारिश में भीगे अस्थाई रैन बसेरों की व्यवस्थाएं ठीक कराई—

शुक्रवार रात तेज हवाओं के साथ हुई बारिश के कारण आई एस बी टी, ईदगाह, और एसएन मेडीकल कॉलेज इंमरजेंसी पर बनाये गये अस्थाई रैन बसेरों को नुकसान पहुंचा था। रैन बसेरों में रखे गद्दे रजाई आदि बारिश के कारण भींग गये थे। शनिवार सुबह ही अपर नगर आयुक्त सुरेंद्र प्रसाद यादव ने इनका निरीक्षण कर नोडल अधिकारियों को व्यवस्थाओं को ठीक कराये जाने के आदेश दिये। सायं चार बजे तक सभी रैन बसेरों की व्यवस्थाओं को चाक चौबंद कर लिया गया था। अपर नगर आयुक्त ने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए रैन बसेरों और शेल्टर होम की व्यवस्थाओं पर चौबीस घंटे नजर बनाए रखे।

—–कहीं पर भी जलते नजर न आएं अलाव—-
अपर नगरायुक्त ने नोडल अधिकारियों और प्रवर्तन दल को निर्देशित किया है कि सड़क किनारे या अन्य किसी भी सार्वजनिक स्थल पर कहीं भी कूड़े या लकड़ी जलाकर लोग सर्दी में तापते नजर नहीं आने चाहिए। जहां भी इस प्रकार की गतिविधि नजर आये कार्रवाई करें।

—-नगर में सार्वजनकि स्थलों पर जलवाए जा रहे गैस हीटर—-
नोडल अधिकारी एवं अवर अभियंता इंद्रजीत सिंह ने इस सबंध में जानकारी देते हुए बताया कि सभी शेल्टर होम और रैन बसेरों के अलावा मुख्य चौराहों, रेलवे स्टेशन, अस्पतालों और बस स्टेंडों पर रात्रि के समय आठ बजे से लेकर बारह बजे तक और सुबह चार बजे से छह बजे तक गैस के हीटरों को नगर निगम कर्मचारियों के द्वारा संचालित किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *