ताज महोत्सव-2026 की तैयारियों का जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी ने निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं और जन सुविधाओं की ली जानकारी, दिए निर्देश
ताज महोत्सव-2026 के प्रस्तावित नवीन स्थल, फतेहाबाद रोड, निकट जेपी होटल का ले-आउट प्लान के अनुसार कार्यक्रम स्थल पर कार्य प्रारंभ,
आगरा.12.02.2026/आज जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी ने 18 फरवरी से आगरा में लगने वाले ताज महोत्सव 2026 के आयोजन के दृष्टिगत टाटा ग्राउण्ड, फतेहाबाद रोड, निकट जेपी होटल पर लगे विभिन्न स्टालों व तैयारियों का भौतिक निरीक्षण किया तथा सभी व्यवस्थाएं और जन सुविधाओं की जानकारी ली।
10 दिन तक चलने वाले ताज महोत्सव की शुरुआत 18 फरवरी से हो जाएगी, जो कि 27 फरवरी तक चलेगा। ताज महोत्सव की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी महोदय ने टाटा ग्राउण्ड में लगे विभिन्न स्टॉलों का निरक्षण किया, और संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि इस बार का ताज महोत्सव भव्य व बेमिसाल होने वाला है। सूफी और बॉलीवुड नाइट के साथ ही कॉमेडी नाइट सहित कई बॉलीवुड सिंगर महोत्सव में शामिल होंगे, और प्रस्तुति देंगे। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग ताज महोत्सव में आयें और इसका आनंद उठायें।
निरीक्षण के दौरान बताया गया कि ताज महोत्सव-2026 के प्रस्तावित नवीन स्थल, फतेहाबाद रोड, निकट जेपी होटल का ले-आउट प्लान के अनुसार कार्यक्रम स्थल पर कार्य प्रारंभ है, लगभग 04 एकड़ क्षेत्र में समुचित पार्किंग स्थल, फतेहाबाद रोड व ताजनगरी रोड दोनों साइड एंट्री,एक्जिट की व्यवस्था है,प्रस्तावित मुख्य मंच, कलाकारों हेतु ग्रीन रूम,मीडिया गैलरी, दर्शक दीर्घा, फूड जोन, फन जोन, झूले, फ्लावर शो व ओडीओपी प्रदर्शनी स्थान,शौचालय आदि की स्थापना की जा रही है। निरीक्षण में बताया गया कि विगत वर्ष 300 स्टॉल के सापेक्ष इस बार ताज महोत्सव 2026 में 500 स्टॉल स्थापित की जाएंगी, जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ताज महोत्सव में इस बार आगरा मण्डल के बेहतरीन उत्पादों, ओडीओपी उत्पादों और यूपी हैण्डीक्राफ्ट, कार्पेट, पॉटरी के बेस्ट स्टालें लगवाईं जाएं। पहले आओ पहले पाओ के आधार पर स्टालों का आवंटन किया जाए। लाईटिंग, साज सज्जा, प्रचार प्रसार, कलाकारों के चयन इत्यादि आयोजन से संबंधित सभी निविदाएं ससमय जारी कर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण में बताया गया कि ताज महोत्सव में कवि सम्मेलन/मुशायरा, सूफी नाइट, डिवोसनल नाइट, फोक म्यूजिक/थिएटर, लाफ्टर नाइट, वालीवुड नाइट, पंजाबी नाइट,आदि विभिन्न थीम पर नृत्य संगीत तथा बड़े लोकप्रिय कलाकारों द्वारा प्रस्तुति दी जाएंगी, जिनकी सूची को संबंधित कमेटी द्वारा अंतिम रूप दिया जा रहा है, जिस पर जिलाधिकारी महोदय द्वारा निर्देशित किया गया कि सभी कार्यक्रमों के तिथिवार आयोजन की सूची तैयारी कर ली जाए। जिलाधिकारी महोदय ने यातायात व्यवस्था हेतु फतेहाबाद रोड पर अलग से प्लान बनाये जाने, मैदान में कार्पेट की समुचित बिछावन करने, सभी गणमान्य जनों को समय से आमंत्रित करने तथा विभिन्न विभागों-समाज कल्याण विभाग, खादी ग्रामोद्याग, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, बाल विकास विभाग इत्यादि विभागों द्वारा स्टॉल लगाये जाने के निर्देश दिए। निरीक्षण में जिलाधिकारी ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था हेतु संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात एवं पार्किंग की समुचित व्यवस्था बनाये रखने हेतु ससमय तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।
