विजय नगर कॉलोनी से हुई शुरुआत, शहर में डाग लवर की आवश्यकता अनुसार बनाए जाएंगे फीडिंग प्वाइंट
आगरा। सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए नगर निगम आगरा ने शहर का पहला डॉग फीडिंग पॉइंट विजय नगर कॉलोनी में स्थापित किया है। यह पहल आवारा कुत्तों के कल्याण और मानव–कुत्ता संघर्ष को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
विजय नगर कॉलोनी में पिछले कई वर्षों से शसुरत पी. प्रसाद लगातार कुत्तों को भोजन और पानी उपलब्ध कराते रहे हैं। उनकी इस सेवा भावना और समर्पण को देखते हुए नगर निगम ने इस स्थान को पहला आधिकारिक डॉग फीडिंग पॉइंट घोषित किया।
—— ये है सुप्रीम कोर्ट का आदेश—–
सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में नगर निगमों को निर्देशित किया है कि वे आवारा कुत्तों के लिए निश्चित फीडिंग पॉइंट्स बनाएं। इसका उद्देश्य कुत्तों को व्यवस्थित तरीके से भोजन उपलब्ध कराना,पशुओं के प्रति क्रूरता पर रोक लगाना और सड़कों पर कुत्तों व आम नागरिकों के बीच संघर्ष की घटनाओं को कम करना है ।
नगर निगम के पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि
विजय नगर कॉलोनी को पहला डॉग फीडिंग पॉइंट इसलिए चुना गया क्योंकि यहाँ पहले से ही समाजसेवी सुरत पी. प्रसाद वर्षों से कुत्तों की सेवा कर रहे हैं। यह पहल आगे पूरे शहर में लागू होगी और हर जोन में ऐसे फीडिंग पॉइंट्स स्थापित किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान पीएफ एके डाक्टर सूरत गुप्ता,रिचा गुप्ता,कैस्पर होम्स की विनीता अरोरा, दीप्ति उपाध्याय, शांतुन बंसल,राम अवतार आदि समेत तमाम अन्य डाग लवर मौजूद थे।
वर्जन ——-
नगर आयुक्त अंकित खण्डेलवाल का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन करना नगर निगम की जिम्मेदारी है। विजय नगर कॉलोनी से शुरुआत की गई है, लेकिन आने वाले समय में शहर के विभिन्न इलाकों में कई और डॉग फीडिंग पॉइंट्स बनाए जाएंगे। हमारा प्रयास है कि इससे न केवल आवारा कुत्तों को सुरक्षित भोजन और पानी मिल सके, बल्कि नागरिकों को भी राहत मिले और शहर में सकारात्मक वातावरण बने।