आगरा। शहर की सड़कों को बेहतर और सुगम बनाने के लिए नगर निगम प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे नवीनीकरण अभियान के तहत आज शासन द्वारा नामित जांच अधिकारी एवं मुख्य अभियंता नगर निगम अलीगढ़ बी के सिंह द्वारा हरी पर्वत क्षेत्र में सड़कों के मरम्मत एवं पैच कार्यों का निरीक्षण किया गया। उनके साथ मुख्य अभियंता बी एल गुप्ता और सहायक अभियंता जी बेग भी रहे। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर हो रहे सड़क पैच कार्यों की गुणवत्ता, निर्माण सामग्री और कार्य प्रगति का बारीकी से मूल्यांकन किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि सड़कों के नवीनीकरण और पैच मरम्मत के कार्य संतोषजनक स्थिति में हैं। कार्यस्थल पर श्रमिकों की उपस्थिति, मशीनरी की दक्षता और कार्य की गुणवत्ता को देखकर अभियंताओं ने संतोष व्यक्त किया।
मुख्य अभियंता बी.के. सिंह ने कहा कि “नगर निगम का लक्ष्य है कि आगामी त्योहारी सीजन से पहले हरी पर्वत क्षेत्र की सड़कों को पूरी तरह दुरुस्त कर दिया जाए, जिससे नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।”
मुख्य अभियंता बी.एल. गुप्ता ने भी यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कार्य में उपयोग की जा रही सामग्री मानक गुणवत्ता की हो और समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण कराया जाए।
नगर निगम प्रशासन द्वारा यह भी बताया गया कि शहर के अन्य जोनों में भी इसी प्रकार के निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि सड़क सुधार कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता दोनों सुनिश्चित की जा सकें।