नाली पर कब्जा कर बनाया किचन, निगम ने चलाया बुलडोजर

Press Release उत्तर प्रदेश

—– अवैध निर्माण हटाने पहुंची टीम का विरोध, पुलिस बुलाकर कराया शांत

आगरा। नगर निगम द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पृथ्वी नाथ कालोनी में एक परिवार द्वारा नाली पर कब्जा कर किचन बनाने का मामला भारी पड़ गया। निगम की प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी की मदद से अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
पृथ्वी नाथ फाटक के पास स्थित पृथ्वी नाथ कालोनी में कल्पना शर्मा नामक महिला ने अपने घर के आगे नाली पर अतिक्रमण करते हुए किचन बना लिया था और उस पर गेट भी लगा दिया था। इस अवैध निर्माण की शिकायत उसी कालोनी की एक अन्य महिला द्वारा नगर निगम प्रशासन से की गई थी।
शिकायत के आधार पर बुधवार को नगर निगम की टीम कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची। टीम को देखते ही संबंधित महिला ने विरोध शुरू कर दिया और हंगामा करने लगी। स्थिति बिगड़ती देख निगम कर्मियों को पुलिस बल बुलाना पड़ा। पुलिस की मौजूदगी में महिला को शांत कराया गया, जिसके बाद जेसीबी मशीन से अवैध निर्माण को गिरा दिया गया।
कार्रवाई के दौरान निगम टीम ने कालोनी में अन्य लोगों द्वारा नालियों पर बनाए गए रैंप भी ध्वस्त करा दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नालियों और फुटपाथों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इसके अलावा नगर निगम ने आवास विकास के सेक्टर 6डी, सेक्टर 3ए और प्रताप नगर क्षेत्रों में भी अभियान चलाकर नालियों और फुटपाथों पर किए गए अवैध निर्माणों को हटाया।नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि शहर में सफाई व्यवस्था और जल निकासी को बेहतर बनाने के लिए अतिक्रमण हटाना जरूरी है। आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *