आगरा, 26 फरवरी। नगर निगम द्वारा यमुना आरती स्थल पर आयोजित किए जा रहे महाआरती आयोजन में बुधवार को कमिश्नर शैलेन्द्र कुमार सिंह, सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम और पंजाबी विरासत के लोगों के अलावा पार्षदों ने भाग लेकर यमुना मैया का दुग्धाभिषेक किया । कार्यक्रम में पधारे आगंतुकों को यमुना मैया की स्वच्छता और संरक्षण का संकल्प दिलाया गया। स्थानीय मंडली ने यमुना जी के भजन गाकर वातावरण को भक्तिमय बनाया।
नगर निगम द्वारा इस आयोजन को जीरो वेस्ट कार्यक्रम के रूप में विकसित किया गया है, जिसके तहत पॉलीथिन के उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है। नगर निगम द्वारा स्वच्छता को लेकर कई महत्वपूर्ण पहल की जा रही हैं, जिनमें होम कम्पोस्टिंग, कचरा प्रथक्करण और पॉलीथीन प्रतिबंध प्रमुख हैं। इसके अलावा, नागरिकों को स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए नागरिक सहभागिता में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिसके लिए शहर में विभिन्न स्थानों पर कैनोपी लगाकर सिटीजन फीडबैक लिया जा रहा है। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने शहरवासियों से अपील की है कि वे स्वच्छता बनाए रखें और कूड़ेदान का नियमित उपयोग करें। नगर निगम का यह प्रयास न केवल धार्मिक आस्था को मजबूती दे रहा है, बल्कि स्वच्छता के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है। वहीं दूसरी ओर नगर निगम की ओर से महाशिवरात्रि के अवसर पर शहर के सभी मंदिरों पर विशेष सफाई अभियान चलाकर रंगोली बनाई और चूना डलवाया गया।
