आगरा, 25 फरवरी। केन्द्र व प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण नीतियों, निर्णयों, उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं विषयक प्रदर्शनी के द्वितीय दिन आज प्रदर्शनी का अवलोकन दर्शकों, छात्रों, जनपदवासियों को जिला सूचना अधिकारी शीलेन्द्र कुमार शर्मा ने कराया। सूचना विभाग के सौजन्य से लगाई गयी प्रदर्शनी का आमजन व राजकीय इण्टर कॉलेज के बच्चों तथा एनसीसी कैडेट कोर को अवलोकन कराते हुए जिला सूचना अधिकारी द्वारा प्रदर्शनी की विषय वस्तु के बारे में विस्तार से महत्वपूर्ण निर्णय, जनहितार्थ योजनाओं, देश की प्रगति हेतु नवाचार अभियानों को प्रदर्शनी में लगे फोल्डर के माध्यम से विस्तार से समझाते हुए प्रकाश डाला। केन्द्र व प्रदेश सरकार की पहल आमजन, महिला, समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के प्रति काफी संवेदनापूर्ण कार्य करना है, यही वजह है कि भारत विश्व स्तर पर आगे बढ रहा है। अपर जिला सूचना अधिकारी चांदमियां सिद्दीकी ने प्रदर्शनी देखने आए जीआईसी के प्रधानाचार्य व शिक्षकों, बच्चों का स्वागत किया तथा प्रदर्शनी के उद्देश्य को बताया। उन्होने अवलोकन कराते हुए बताया कि केंद्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न नीतियों, योजनाओं, उपलब्धियों तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को चित्र प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी व प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के व्यक्तित्व व कृतित्व पर लिखी गई विभिन्न पुस्तकों तथा एक जनपद-एक उत्पाद व विभिन्न उ0प्र0 की प्रगति विषयक पुस्तकों की एक स्टॉल भी लगाई गई है। यह प्रदर्शनी 26/02/2023 तक शहर व जनपद की जनता हेतु खुली रहेगी।